शासन ने समस्त जिलाधिकारियों को नमक की कमी होने की अफवाह फैलाने और इसका फायदा उठाकर नमक की कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। यही नहीं, प्रशासनिक अधिकारियों को कालाबाजारी करने वालों के यहां छापेमारी करने के भी निर्देश दिए हैं।
मुख्य सचिव राहुल भटनागर ने कहा कि नमक की उपलब्धता में अभाव अथवा संकट नहीं है। उन्होंने लोगों से अपील की है कि अफवाहों पर ध्यान न दें, प्रदेश में नमक की पर्याप्त उपलब्धता है।
मुख्य सचिव ने एक परिपत्र के माध्यम से समस्त जिलाधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि बाजार में नमक के अभाव के संबंध में विभिन्न माध्यमों से फैलाई गई विभिन्न प्रकार की अफवाहों को रोकने तथा किसी भी प्रकार की कानून एवं व्यवस्था की स्थिति से निपटने के लिए प्रभावी कार्रवाई कराई जाए।
उन्होंने समस्त जिलाधिकारियों, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों, पुलिस अधीक्षकों, उप जिलाधिकारियों, जिला पूर्ति अधिकारियों, वाणिज्य कर, खाद्य एवं औषधि प्रशासन तथा बाट माप विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि यदि व्यापारी अफवाहों का फायदा उठाकर नमक की कालाबाजारी करने का प्रयास करते हैं तो संयुक्त रूप से छापेमारी एवं जांच की कार्रवाई करें।
उन्होंने कहा कि यदि किसी स्तर पर कालाबाजारी के उद्देश्य से नमक का अवैध भंडारण करते हुए पाए जाने पर कठोर कानूनी कार्रवाई की जाए।
dharmpath.com dharmpath