भोपाल, 13 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्र सरकार द्वारा 500-1,000 रुपये के नोटों को अमान्य किए जाने के बाद बैंकों में नोट बदलवाने, पुराने नोट जमा करने और एटीएम से रकम निकालने पहुंच रहे लोगों की परेशानी को कम करने के लिए मध्य प्रदेश में कांग्रेस ने कई स्थानों पर टेंट और स्टॉल लगाए हैं। बैंक पहुंच रहे ग्राहकों को कांग्रेस कार्यकर्ता नि:शुल्क ग्लूकोज पानी और चाय पिला रहे हैं। वहीं बुजुर्गो के फॉर्म भरने में भी सहयोग कर रहे हैं।
बैंक रविवार को भी खुले हुए हैं। इन बैंकों और एटीएम के बाहर लंबी-लंबी कतारें हैं। इन कतारों में लोगों को घंटों खड़े रहना पड़ रहा है। तेज धूप के कारण कतार में लगे ग्राहकों को काफी परेशानी हो रही है। सागर में शनिवार को एक बुजुर्ग की कतार में लगे रहने के दौरान मौत हो गई थी।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव ने ग्राहकों की परेशानी के मद्देनजर कार्यकर्ताओं को निर्देश दिया कि वे अपने सामथ्र्य के अनुसार मदद करें। कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता के.के. मिश्रा ने आईएएनएस से कहा कि बैंकों व एटीएम के बाहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने ग्राहकों की मदद के लिए स्टॉल लगाए हैं, जहां लोगों को पानी पिलाया जा रहा है और फॉर्म भरकर बुजुर्गो की मदद की जा रही है।
जबलपुर के मालवीय चौक इलाके में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैंक के बाहर स्टॉल लगाया है, जहां लोगों को ग्लूकोज पानी दिया जा रहा है, ताकि ग्राहकों को कई घंटे कतार में लगे रहने से होने वाली परेशानियों को कम किया जा सके।
इसी तरह राजधानी में कई स्थानों पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चाय के स्टॉल लगाए हैं और वे बैंकों तथा एटीएम के बाहर कतार में लगे लोगों को नि:शुल्क चाय पिला रहे हैं।
dharmpath.com dharmpath