भोपाल, 15 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्र सरकार के 500-1,000 के नोटों को अमान्य किए जाने के बाद कालेधन से हुई जेवरात की खरीदी को ध्यान में रखते हुए आयकर विभाग ने राजधानी भोपाल सहित कई स्थानों पर मंगलवार को दबिश दी।
आयकर विभाग के सूत्रों के अनुसार, भोपाल, इंदौर व जबलपुर में जेवरात की दुकानों पर मंगलवार को दबिश दी गई। विभाग को जानकारी मिली थी कि संबंधित ज्वेलरों ने नोटबंदी की रात को बड़ी मात्रा में सोने, चांदी व हीरे के जेवरात की बिक्री की। उसी के चलते यह कार्रवाई की गई है।
ज्ञात हो कि आठ नवंबर की रात को आठ बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्र के नाम संदेश में 500-1,000 के नोट को रात बारह बजे के बाद अमान्य होने का ऐलान किया था। इसके बाद कालेधन के मालिकों में हड़कंप मच गया था और उन्होंने देर रात तक ज्वेलरों के यहां पहुंचकर बड़े पैमाने पर कालेधन से जेवरात की खरीदी की थी।
dharmpath.com dharmpath