गुवाहाटी, 16 नवंबर (आईएएनएस)। असम के तिनसुकिया जिले में एक वन क्षेत्र के निकट अज्ञात बंदूकधारियों द्वारा एक वाहन पर की गई गोलीबारी में एक नागरिक की मौत हो गई और दो अन्य लोग घायल हो गए।
तिनसुकिया जिले के पुलिस अधीक्षक एम.जे. महंत ने कहा, “पेंगेरी टी स्टेट के तीन व्यक्ति बैंक से पैसे लेने जा रहे थे, जिसे मजदूरों को देने थे। उन्होंने जंगल से गोलीबारी की आवाज सुनी और जब तक वे कुछ समझ पाते, तब तक वे हादसे के शिकार हो चुके थे।”
उन्होंने कहा, “वाहन चालक पास के अस्पताल तक वाहन चलाकर गया।”
पुलिस ने बताया कि वाहन पर छह गोलियां लगीं, जिसके चलते उसमें सवार एक व्यक्ति की मौत हो गई और दो अन्य घायल हो गए।
महंत ने कहा, “पुलिस ने हमलावरों के खिलाफ अपना अभियान तेज कर दिया है।”
असम के मुख्यमंत्री सवरनद सोनोवाल ने इस घटना की निंदा करते हुए पुलिस से कहा कि वह इस घटना में शामिल सभी आरोपियों से सख्ती से निपटे।
मुख्यमंत्री ने मृतक के परिवार को पांच लाख रुपये अनुग्रह राशि देने और घायलों के नि:शुल्क उपचार की घोषणा की है।
dharmpath.com dharmpath