सीवान, 17 नवंबर (आईएएनएस)। बिहार के सीवान जिले के दरौली थाना क्षेत्र में स्नातक (बीए) की एक छात्रा ने अपने पिता पर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। उसका यह भी कहना है कि जब वह गर्भवती हो गई तो उसका गर्भपात करवाया गया। पीड़िता ने अपने भाई पर भी छेड़छाड़ करने और दुष्कर्म करने के प्रयास का आरोप लगाया है।
पुलिस के अनुसार, दरौली थाना क्षेत्र के एक गांव में एक पिता पिता-पुत्री के रिश्ते को शर्मसार करते हुए एक साल तक अपनी बेटी के साथ दुष्कर्म करता रहा। पीड़िता का आरोप है कि पिछले दिनों भाई ने भी उसके साथ दुष्कर्म करने की कोशिश की।
दर्ज प्राथमिकी में आरोप लगाया गया है कि जब पीड़िता ने अपनी मां को इसकी जानकारी दी तो मां ने उलटे बेटी को ही फटकार लगाई और मुंह बंद रखने को कहा। बार-बार दुष्कर्म के कारण गर्भवती होने के बाद पीड़िता का मैरवा में डॉ. वर्तिका केशरी के पास ले जाकर गर्भपात कराया गया।
सीवान महिला थाने की प्रभारी पूनम कुमारी ने गुरुवार को आईएएनएस को बताया कि पीड़िता के बयान के आधार पर बुधवार को इस मामले की एक प्राथमिकी महिला थाना में दर्ज कर ली गई है। पीड़िता ने अपने पिता योगेंद्र राय, भाई आदित्य और मां को नामजद आरोपी बनाया है।
उन्होंने बताया कि इस मामले में चिकित्सक को गिरफ्तार कर लिया गया है, अन्य आरोपी फरार हैं। फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
पीड़िता ने आरोप लगाया है कि 16 नवंबर को वह महिला चिकित्सक के पास गर्भपात संबंधी कागजात मांगने गई थी, लेकिन वहां से उसे भगा दिया गया।
dharmpath.com dharmpath