हरिद्वार, 19 नवंबर (आईएएनएस)। नवगठित भारतीय मुक्केबाजी संघ (बीएआई) के तत्वावधान में शुरू हुए ईलीट सीनियर महिला मुक्केबाजी राष्ट्रीय चैम्पियनशिप में तेलंगाना की निखत जरीन और मणिपुर की सरजूबाला देवी ने लाइट फ्लाईवेट (45-48 किलोग्राम) श्रेणी में जीत के साथ टूर्नामेंट का आगाज किया।
शनिवार को हुए चैम्पियनशिप के पहले दौर के मुकाबले रौशनबाद के पुलिस लाइन स्थित इनडोर स्टेडियम में खेले गए।
निखत ने फ्लाईवेट (51 किलोग्राम) भारवर्ग में उत्तर प्रदेश की रजनी सिंह को 2-1 से मात दी। वहीं सरजू ने मेघालय की इवा डब्ल्यू माराबाननिनांग को नॉकआउट कर जीत हासिल की।
सर्बिया में 2014 में खेले गए नेशंस कप इंटरनेशनल मुक्केबाजी टूनार्मेट में स्वर्ण पदक अपने नाम करने वाली निखत को पहले दौर का मुकाबला जीतने में ज्यादा दिक्कत नहीं हुई।
पहले दौर में कुल 25 मुकाबले खेले गए, जिनमें से 12 मुकाबले लाइट फ्लाईवेट (45-48 किलोग्राम) भारवर्ग के और 13 मुकाबले फ्लाईवेट (51 किलोग्राम) भारवर्ग में खेले गए।
इस चैम्पियनशिप में कुल 34 टीमों के 250 मुक्केबाज हिस्सा ले रहे हैं, जिनमें से पहले दौर में 50 मुक्केबाज रिंग में उतरे।
लाइट फ्लाईवेट वर्ग के पहले मुकाबले में पंजाब की मुस्कान सिद्धू को चंडीगढ़ की नितू ने 2-1 से मात दी। हरियाणा की मोनिका ने कर्नाटक की अंजू को नॉकआउट करते हुए जीत हासिल की। गोवा की अंजू राजभर ने झारखंड की पूजा बेहरा को 2-1 से मात दी। आल इंडिया पुलिस टीम की सुदेश ने आंध्र प्रदेश की जे. दीप्ती को एकतरफा मुकाबले में 3-0 से हराया।
वहीं रेलवे की राजेश नरवाल ने अरुणांजल प्रदेश की सीता देवी को 3-0 से मात दी। जम्मू एवं कश्मीर की डोल्मा रिंग में नहीं उतरीं जिससे महाराष्ट्र की पूजा राठेल को विजेता घोषित किया गया। हिमाचल प्रदेश की पल्लवी ने असम की सनासकी ब्रह्मा को 2-1 से हराया।
पश्चिम बंगाल की उमा बाउरी को केरल की मारिया थॉमस ने नॉकआउट कर रिंग से बाहर कर दिया। दिल्ली की पूजा टोकस ने राजस्थान की सरोज को 3-0 से मात दी।
तमिलनाडु की निवेथा के. और मिजोरम की रेबाका लाल ने क्रमश: बिहार की अनुपम कुमारी और ओडिशा की मधु साहु को नॉकआउट कर जीत हासिल की।
फ्लाईवेट वर्ग के पहले मुकाबले में आभा सिंह को मणिपुर की याइसाना चानु ने 2-1 से हराया। असम की मंजू वासुमाटारी ने जम्मू एवं कश्मीर की प्रियंका देवी को 3-0 से हराया। तमिलनाडु की हेमलता को राजस्थान की ज्योति ने 2-1 से हराया।
मिजोरम की वानलालदुजी ने गोवा की नेहा प्रसाद ने नॉकआउट किया। रेलवे की मीनाक्षी ने बंगाल की सुमन कुमारी को 3-0 से मात दी। हिमाचल प्रदेश की जमुना देवी ने केरल की सरुखीमोल सासी को 2-1 से हराया।
ओडिशा की झानुरी गौड़ ने आध्र प्रदेश की अरुणा के को 2-1 से मात दी। नागालैंड की तेनसुनारो सुधीर ने बिहार की काजल कुमारी को 3-0 से हराया।
झारखंड की ज्योति मुंडरी को हर्षल सुतार ने 2-1 से शिकस्त दी। उत्तराखंड की पूनम बिष्ट ने चंडीगढ़ की सुनीता को 2-1 से हराया। दिल्ली की अनिता ने मेघालय की रमिशा ल्यांगदोह को मात दी।
dharmpath.com dharmpath