विशाखापट्नम, 20 नवंबर (आईएएनएस)। भारतीय टेस्ट टीम की बल्लेबाजी की पहचान बन चुके चेतेश्वर पुजारा ने रविवार को कहा कि भारत दूसरे टेस्ट मैच में इंग्लैंड पर जीत दर्ज करने की दहलीज पर है।
मैच के चौथे दिन रविवार को इंग्लैंड ने चौथी पारी में 405 रनों के लक्ष्य की पीछा करते हुए 87 रन बनाने में दो विकेट गंवा दिए हैं।
इंग्लैंड के दोनों सलामी बल्लेबाज कप्तान एलिस्टर कुक (54) और हसीब हमीद (25) पवेलियन लौट चुके हैं।
चौथे दिन का खेल समाप्त होने के बाद पुजारा ने कहा, “चौथी पारी में 400 रनों का लक्ष्य भारतीय धरती पर हासिल करना आसान नहीं है। चौथे या पांचवें दिन 400 रनों के लक्ष्य को हासिल करना हमेशा ही कठिन होता है। बहुत कम टीमें इस लक्ष्य को हासिल कर पाई हैं। इसलिए मुझे नहीं लगता कि इंग्लैंड भी इसे हासिल कर पाएगी।”
पुजारा ने कहा, “निश्चित तौर पर हमारे पास जीतने के काफी मौके हैं और हम कल (सोमवार) कठिन मेहनत करेंगे।”
चौथे दिन रविवार को पिच से स्पिन गेंदबाजों को अच्छी मदद मिली और गेंद धीमी पड़ने लगी है।
इस पर पुजारा ने कहा, “निश्चित तौर पर भारत में खेलते हुए हम गेंद के धीमी पड़ने की अपेक्षा करते हैं। यहां तक कि अगर आप इस पिच पर रक्षात्मक अंदाज में बल्लेबाजी करेंगे तो भी यह आसान नहीं होगा। जैसा कि हमने आज (रविवार) देखा गेंद कई बार धीमी पड़ रही है।”
उन्होंने आगे कहा, “हमारी रणनीति बिल्कुल स्पष्ट है। कल का दिन (सोमवार) उनके लिए कठिन होने वाला है। लेकिन हमारे लिए भी यह आसान नहीं रहने वाला। हमें यह पता है। इसलिए हम किसी चीज को हल्के में नहीं लेंगे। हम निश्चित तौर पर इंग्लैंड के खिलाफ दमदार प्रदर्शन करने की कोशिश करेंगे। हम इसके लिए तैयार हैं।”
dharmpath.com dharmpath