भोपाल, 22 नवंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश के शहडोल संसदीय क्षेत्र और नेपानगर विधानसभा क्षेत्र में हुए उप-चुनाव में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है, मगर पूर्व राज्यपाल रामनरेश यादव के निधन के कारण भाजपा ने जीत का जश्न नहीं मनाया।
अनुसूचित जनजाति के लिए आरक्षित शहडोल और नेपानगर के परिणाम आने के बाद भाजपा के प्रदेश कार्यालय मे प्रदेशाध्यक्ष नंदकुमार सिंह चौहान, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान सहित संगठन के पदाधिकारी व सरकार के सदस्य पहुंचे। यहां पहुंचे सभी नेताओं ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया।
इस मौके पर प्रदेशाध्यक्ष चौहान ने कहा, “पूर्व राज्यपाल यादव के निधन के चलते पार्टी ने जश्न नहीं मनाने का फैसला किया है, मगर शिवराज सिंह के शासन काल के 11 वर्ष पूरे होने पर 29 नवंबर को पूरे प्रदेश में दिवाली मनाई जाएगी।”
इसी तरह मुख्यमंत्री चौहान ने कहा, “पूर्व राज्यपाल का निधन हुआ है, इसलिए उत्सव नहीं मनाया जा रहा है, ढोल नहीं बजे, आतिशबाजी नहीं हुई और फूल मालाएं नहीं पहनीं। इस मौके पर पं. उपाध्याय, ठाकरे और राजमाता विजयाराजे सिंधिया का स्मरण किया जा रहा है।” उन्होंने शहडोल व नेपानगर की जीत को पार्टी के लिए महत्वपूर्ण बताया।
dharmpath.com dharmpath