नई दिल्ली, 22 नवंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता गुलाम नबी आजाद ने मंगलवार को विपक्ष की इस मांग को दोहराया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को राज्यसभा में नोटबंदी पर होने वाली चर्चा में हिस्सा लेना चाहिए।
संसद के बाहर संवाददाताओं से बातचीत में राज्यसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा, “उन्हें (मोदी) चर्चा सुननी चाहिए।”
आजाद ने कहा, “जहां तक मेरी समझ है, उन्हें सदन में आकर बयान देना चाहिए।”
उन्होंने यह भी जानना चाहा कि क्या यह माना जाए कि प्रधानमंत्री संसद में साल में एक ही बार आएंगे, वह भी तब जब उन्हें राष्ट्रपति के अभिभाषण पर सदन के संयुक्त सत्र में जवाब देना होगा।
उन्होंने कहा, “क्या प्रधानमंत्री को संसद में साल में केवल एक बार सुनना व बोलना चाहिए?”
नोटबंदी के मुद्दे को लेकर बीते चार दिनों में संसद के दोनों सदनों की कार्यवाही कई बार स्थगित हो चुकी है।
शीतकालीन सत्र के पहले दिन राज्यसभा में नोटबंदी को लेकर दिन भर चर्चा हुई, लेकिन विपक्षी पार्टियां तब अधीर हो गईं जब चर्चा के दौरान मोदी सदन में नहीं आए।
बीते 17 नवंबर से ही विपक्ष सदन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मौजूदगी की मांग कर रहा है। उसका कहना है कि प्रधानमंत्री को राष्ट्रीय हित के नोटबंदी के मुद्दे पर चर्चा के दौरान सदन में मौजूद होना चाहिए।
संसद का शीतकालीन सत्र 16 नवंबर से शुरू हुआ है।
dharmpath.com dharmpath