गोवा, 23 नवंबर (आईएएनएस)। हीरो इंडियन सुपर लीग (आईपीएल) के तीसरे सीजन में 11 दौर के मुकाबले हो चुके हैं और एफसी गोवा सिर्फ तीन जीत से 11 अंक लेकर सबसे निचले पायदान पर है।
ऐसे में शुक्रवार को जब गोवा फातोर्दा के अपने घरेलू मैदान जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में पहले संस्करण की चैम्पियन एटलेटिको डी कोलकाता का सामना करने उतरेगी तो उसके पास जीत एकमात्र विकल्प होगा।
गोवा को अब शीर्ष-4 में प्रवेश करने के लिए लीग चरण के अपने शेष तीनों मैचों में जीत हासिल करनी होगी। गोवा के मुख्य कोच जीको का मानना है कि उनकी टीम का शीर्ष-4 में क्वालीफाई करना उनके हाथ में हैं।
अपने घर में खेले गए अंतिम दो मैचों से गोवा ने चार अंक हासिल किए हैं। जीको ने इन मैचों में ज्यादातर घरेलू खिलाड़ी ही मैदान में उतारे थे। शुक्रवार के मैच में गोवा के ग्रीगोरी अमोलिन, लुसियानो साबरोसा, और साहिल तावोरा निलंबर के बाद तथा जेफ्री गोंजालेज और जुलियो सीजर चोट से उबर कर वापसी कर सकते हैं। इसी कारण गोवा के खेमे में सकारात्मक माहौल है।
मैच की पूर्व संध्या पर संवाददाता सम्मेलन में जीको ने कहा, “हमारी टीम ने अब तक विपक्षी टीम के काउंटर अटैक का इंतजार किया है। मेरा मानना है कि हमारी टीम को लक्ष्य के साथ सामंजस्य बिठाने की जरूरत है।”
जीको कोलकाता के खिलाफ आक्रामक टीम संरचना के साथ उतर सकते हैं। हालांकि आईएसएल में गोवा एक बार भी कोलकाता को नहीं हरा सकी है।
कोलकाता 11 मैचों से 15 अंक लेकर तीसरे स्थान पर है। कोलकाता के कोच जोस मोलिनो चाहेंगे कि टीम अपने अगले मैचों में भी ड्रॉ खेलने की बजाय जीत दर्ज करे। कोलकाता ने पिछले तीन मैच ड्रॉ खेले हैं जिसमें मौजूदा विजेता चेन्नयन एफसी के खिलाफ भी एक ड्रॉ शामिल है।
मोलिनो ने यहां संवाददाता सम्मेलन में कहा, “हम पिछले मैच में जीतना चाहते थे। हमने इसके लिए पूरी ताकत लगाई। लेकिन यह होता है। हमें मैच से एक अंक मिला और अंक अपने खाते में जोड़ना हमेशा अच्छा होता है। हमें लगातार अच्छा खेलने की जरूरत है और हर मैच जीतने की जरूरत है।”
मोलिनो ने आईएसएल में सबसे ज्यादा गोल करने वाले इयान ह्यूम को हल्की चोट के कारण मैदान में नहीं उतारा था। कनाडा के ह्यूम लेकिन गोवा के खिलाफ वापसी कर सकते हैं।
दक्षिण अफ्रीका के मिडफील्डर समीघ दुती भी पिछले दो मैच नहीं खेले थे। हेनरिक सेरेनो भी इस मैच में वापसी कर सकते हैं।
dharmpath.com dharmpath