नई दिल्ली, 23 नवंबर (आईएएनएस)। कांग्रेस ने बुधवार को केंद्र सरकार पर अहंकारी रवैया अपनाने का आरोप लगाते हुए कहा कि वह नोटबंदी के कारण हुई मौतों पर माफी मांगने में नाकाम रही है।
कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा, “सरकार इतनी अहंकारी है कि वह यह मानने को भी तैयार नहीं है कि नोटबंदी को लेकर लोगों की मौत हुई है और न ही इस पर खेद जताया है। इस पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रुख जानना महत्वपूर्ण हो गया है।”
उन्होंने कहा कि सरकार ने इस बात को स्वीकार तक नहीं किया कि नोटबंदी के कारण लगभग 70 लोगों की मौत हुई है।
उन्होंने कहा, “नोटबंदी के कारण 70 लोगों की मौत हो चुकी है, लेकिन मोदी संसद को संबोधित करने तक के लिए तैयार नहीं हैं।”
उन्होंने इस बात पर आश्चर्य जताया कि मोदी ने नोटबंदी के फैसले से पहले इस मुद्दे को लेकर परामर्श तक नहीं किया।
सुरजेवाला ने कहा, “नोटबंदी के 15 दिनों बाद भी देश के ग्रामीण व शहरी इलाकों के बैंकों में पैसे नहीं हैं। यहां तक कि एटीएम मशीनों में भी पैसे नहीं हैं। बीते 13 दिनों के भीतर सरकार 23 दिशानिर्देश जारी कर चुकी है।”
कांग्रेस नेता ने कहा, “किसान, कारोबारी, बड़े व्यापारी, छोटे व्यापारी व मजदूर नोटबंदी के कारण बुरी तरह प्रभावित हुए हैं।”
उन्होंने कहा कि नोटबंदी के फैसले के खिलाफ पूरा विपक्ष एकजुट है और 28 नवंबर को आक्रोश दिवस प्रदर्शन में हिस्सा लेगा।
सुरजेवाला ने कहा, “संसद में सभी विपक्षी पार्टियां एकजुट हैं। सभी ने मिलकर 28 नवंबर को लोगों के आंदोलन, आक्रोश दिवस, के आयोजन का फैसला लिया है।”
उन्होंने कहा, “जन विरोधी सरकार को बेनकाब करने के लिए कांग्रेस नेता व कार्यकर्ता विरोध रैलियां निकालेंगे।”
dharmpath.com dharmpath