बैडमिंटन : हांगकांग ओपन के तीसरे दौर में पहुंचीं सायना

हांगकांग, 24 नवंबर (आईएएनएस)। भारत की शीर्ष महिला बैडमिंटन खिलाड़ी सायना नेहवाल ने गुरुवार को हांगकांग ओपन के दूसरे दौर में जीत हासिल करते हुए तीसरे दौर में प्रवेश कर लिया।

घुटने का ऑपरेशन करवा कोर्ट पर लौटीं सायना ने गुरुवार को महिला एकल वर्ग के दूसरे दौर के मुकाबले में जापान की सायाको साटो को हरा दिया।

सायना को हालांकि 14वीं विश्व वरीयता प्राप्त सयाका के खिलाफ तीन गेम तक कठिन संघर्ष करना पड़ा। उन्होंने सयाका को 51 मिनट में 21-18, 9-21, 21-16 से हराया।

पहले से गेम से ही सयाका ने साफ कर दिया था कि वह लंबे समय से कोर्ट से बाहर रहीं सायना को आसान वापसी नहीं करने देंगी। सायना ने लगातार तीन अंक जीतते हुए गेम की शुरुआत की लेकिन सयाका ने जल्द ही स्कोर बराबर कर लिया और बीच-बीच में बढ़त भी लेती रहीं।

सायना ने अंतत: 11-12 से पिछड़ने के बाद जबरदस्त वापसी की और लगातार छह अंक हासिल करते हुए अहम बढ़त हासिल कर ली। यहां से सायना को पहला गेम जीतने में खास परेशानी नहीं हुई।

लेकिन दूसरे गेम में सयाका ने शुरुआत से ही सायना पर दबाव कायम कर लिया। शुरुआत में ही 7-1 से बढ़त ले चुकीं सयाका ने सायना को दूसरे गेम में एक बार भी आगे नहीं निकलने दिया और एकतरफा मुकाबले में गेम जीत मैच स्कोर बराबर कर लिया।

तीसरे और निर्णायक गेम में लेकिन सायना ने इस बार बाजी पलट दी। इस बार सायना ने 7-1 की बढ़त के साथ दमदार शुरुआत की। सयाका ने संघर्ष करते हुए 14-15 तक स्कोर कम करने में सफल रहीं, लेकिन तीसरे गेम में वह एकबार भी बढ़त हासिल नहीं कर सकीं और सायना ने आखिरी समय में और दम लगाते हुए मैच अपने नाम कर लिया।

सायना अब क्वार्टर फाइनल में थाईलैंड की नितचाओन जिंदापोल और हांगकांग की च्यूंग नगान यी के बीच विजेता से भिड़ेंगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493