उप्र : हिरासत में 5 युवकों की पिटाई पर एसओ, एसआई सहित 7 निलंबित

बांदा, 26 नवंबर (आईएएनएस)। लूट में कथित संलिप्तता के लिए हिरासत में लिए गए पांच युवकों की थाने में बेरहमी से पिटाई करने के मामले में शुक्रवार को यहां जसपुरा थाने के प्रभारी, उपनिरीक्षक और पांच सिपाहियों को निलंबित कर उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज करा दिया गया है।

पुलिस अधीक्षक (बांदा) डॉ. श्रीपति मिश्र ने कहा कि कुछ दिन पूर्व दो ट्रकों और एक डीसीएम गाड़ी से लूट के शक में पिपरोदर गांव के पांच बाइक सवार युवकों शारिक, सलमान, सुफियान, करीम और शाहरुख को पकड़ कर थानाध्यक्ष पंकज तिवारी, उपनिरीक्षक रमाशंकर और सिपाही शैलेंद्र सिंह, अमित कुमार, अरविंद राही, नरायन यादव, व सरवन कुमार ने उनकी थाने में बेरहमी से पिटाई की थी, बाद में लूट का खुलासा न होने पर पुलिस ने सभी युवकों को शांति भंग के आरोप में चालान कर दिया था।

मिश्र ने कहा, “पीड़ित युवक सपा के जिलाध्यक्ष शमीम बांदवी के साथ शुक्रवार को यहां आए और उन्होंने अपनी व्यथा सुनाई। इस पर एसओ, एसआई के अतिरिक्त पांच सिपाहियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर उनके खिलाफ शहर कोतवाली बांदा में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।”

उन्होंने कहा कि युवकों के चिकित्सा परीक्षण में चोटें आई हैं।

उधर, निलंबित थानाध्यक्ष पंकज तिवारी ने कहा, “लूटपाट के दौरान ट्रक चालक और खलासी से हुई मारपीट के दौरान पकड़े गए युवकों को चोटें आई हैं। सपा के ही एक गुट के दबाव में आकर लूटे गए सवा लाख रुपये युवकों ने वापस कर समझौता कर लिया था, बाद में सपा के दूसरे गुट ने एसपी के यहां पेश होकर तोहमत पुलिस पर मढ़ दिया।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493