देश को काला धन रहित बनाकर ही दम लूंगा : प्रधानमंत्री

बहराइच, 11 दिसंबर (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को यहां एक रैली को संबोधित करते हुए कहा कि वह देश को काला धन से निजात दिलाने के अभियान में जुटे हैं और इसे अंजाम तक पहुंचा कर ही दम लेंगे।

उत्तर प्रदेश में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव के मद्देनजर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की परिवर्तन रैली को प्रधानमंत्री ने लखनऊ स्थित चौधरी चरण सिंह अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे के ‘वीआईपी लाउंज’ से मोबाइल फोन के जरिये संबोधित किया।

प्रधानमंत्री का हेलीकॉप्टर बहराइच में नहीं उतर पाया, जिसके कारण उन्हें मोबाइल फोन से सभा को संबोधित करना पड़ा।

सभा स्थल पर इंतजार कर रहे लोगों को निराश न करते हुए प्रधानमंत्री ने सभा में नहीं पहुंच पाने के लिए पहले तो बहराइच की जनता से क्षमा मांगी और बाद में कहा कि वह देश को काला धन से छुटकारा दिलाने के अभियान में जुटे हैं।

उन्होंने कहा, “हम देश को काला धन से छुटकारा दिलाने के अभियान में जुटे हैं और समाजवादी पार्टी (सपा) के साथ-साथ बहुजन समाज पार्टी (बसपा) हमारे इस अभियान का विरोध कर रही है।”

मोदी ने कहा, “हम काले धन के खिलाफ लड़ाई लड़ रहे हैं। संसद के कूप में चले जाना, स्पीकर के सामने हंगामा करना, उनकी (विपक्षी दलों) मंशा को प्रतिबिंबित करता है। सरकार लगातार बेईमानों के पीछे पड़ी है। बड़े-बड़े लोग पकड़े जा रहे हैं। यह सरकार गरीबों की है और गरीबों के लिए है।”

प्रधानमंत्री ने उत्तर प्रदेश में व्याप्त गुंडाराज पर भी हमला बोला और कहा कि यदि उत्तर प्रदेश को आगे ले जाना है तो गुंडागर्दी खत्म करनी होगी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493