मुंबई, 11 दिसंबर (आईएएनएस)। एक निजी हेलीकॉप्टर के रविवार सुबह दुर्घटनाग्रस्त होकर आग पकड़ लेने से पायलट की मौत हो गई और तीन अन्य घायल हो गए। दुर्घटना मुंबई के उपनगरीय इलाके गोरेगांव में हुई।
बृहन मुंबई नगरपालिका के आपदा नियंत्रण ने कहा कि अमन एविएशन प्राइवेट लिमिटेड का हेलीकॉप्टर रॉबिन्सन आर-44 मुंबई के ऊपर पर्यटन उड़ान पर था। दोपहर करीब 12.15 बजे अचानक आरे मिल्क कॉलोनी के पास यह दुर्घटनाग्रस्त हो गया और इसमें आग लग गई।
घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है। यह घटना रॉस पाम्स क्लब के पास फिल्टर पाड़ा के निकट जंबली मैदान इलाके में हुई। घटना को लेकर जांच शुरू कर दी गई है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कॉलोनी के पास की आदिवासी बस्तियों के सैकड़ों लोग और अन्य बस्तियों के लोग पीड़ितों की मदद करने पहुंचे। घटनास्थल पर दमकल की गाड़ियां भी पहुंचीं।
लोगों और पुलिसकर्मियों ने पीड़ितों को जलते हुए हेलीकॉप्टर से निकाला और अंधेरी पूर्व के सेवन हिल्स अस्पताल पहुंचाया।
पुलिस उपायुक्त किरणकुमार चौहान ने मीडिया से बात करते हुए कहा कि पायलट प्रफुल कुमार मिश्रा (53) को मृत घोषित कर दिया गया है। वह गंभीर रूप से घायल और जल गए थे। सह-पायलट और एक महिला सहित दो यात्रियों की हालत गंभीर बनी हुई है।
दूसरे लोगों की पहचान रितेश मोदी (35), पत्नी वृंदा रितेश मोदी (34) और सह-पायलट संजीव शंकर (25) के रूप में हुई है। विमान मुंबई के पर्यटन उड़ान पर था।
रितेश के सिर और सीने में कई चोटें आईं हैं, उनका इलाज चल रहा है। वहीं बृंदा 35 जगह जल गईं हैं। शंकर का हाथ टूट गया है, लेकिन हालत स्थिर है।
दुर्घटना के समय को लेकर भ्रम की स्थिति रही। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार यह दुर्घटना करीब 11.45 बजे हुई, लेकिन अग्निशमन दल को यह कॉल 12.15 बजे आई।
हेलीकॉप्टर मूल रूप से पवन हंस लिमिटेड के स्वामित्व में था, लेकिन बाद में इसे अमन एविएशन प्राइवेट लिमिटेड को बेच दिया गया। अमन एविएशन एक छोटी एयरलाइन कंपनी है जो मुंबई और आसपास के क्षेत्रों में हवाई पर्यटन की सुविधा देती है।
अधिकारियों ने कहा कि प्राथमिक सूचना के मुताबिक हेलीकॉप्टर जब उड़ रहा था तभी उसमें आग देखी गई, जिससे पायलट ने आरे मिल्क कॉलोनी के अंदर फिल्टर पाड़ा के खुले क्षेत्र में इमरजेंसी लैंडिंग की कोशिश की थी।
dharmpath.com dharmpath