शादी का प्रस्ताव ठुकराने पर लड़की पर तेजाब से हमला

कोलकाता, 12 दिसम्बर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल के बर्दवान जिले में लड़की के परिजनों द्वारा शादी का प्रस्ताव ठुकराए जाने के बाद एक लड़के ने कथित तौर पर एक नाबालिग लड़की पर तेजाब से हमला कर दिया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

बर्दवान के कालना के अनुमंडल पुलिस अधिकारी वाई. रघुवंशी ने सोमवार को कहा, “बर्दवान के पूर्बस्थली में रविवार रात एक स्कूली लड़की पर उसके घर में तेजाब से हमला किया गया। घटना में लड़की की मां को भी मामूली चोट पहुंची है।”

प्रेम पत्र का जवाब न मिलने पर कथित तौर पर एक स्थानीय लड़के ने आठवीं कक्षा की इस लड़की पर हमला कर दिया।

पीड़िता की मां ने कहा, “लड़के ने उसे एक प्रेम पत्र भेजा था, जिसका उसने जवाब नहीं दिया था। हमने उसके शादी के प्रस्ताव को भी खारिज कर दिया था, क्योंकि मेरी बेटी मात्र 12 साल की है।”

लड़की को कालना अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उसका चेहरा व आंख बुरी तरह जल गए हैं।

अधिकारी ने कहा, “अभी तक औपचारिक तौर पर कोई शिकायत नहीं की गई है। हालांकि, मौखिक शिकायत पर पुलिस ने आरोपी को हिरासत में ले लिया है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493