मप्र में हवाओं ने ठंड बढ़ाई

भोपाल, 30 दिसंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में राजधानी भोपाल सहित राज्य के कई अन्य हिस्सों में हवाओं में घुली ठंडक से शुक्रवार को ठिठुरन बनी रही। मौसम विभाग ने आगामी 24 घंटों के दौरान कई स्थानों पर कोहरा छाने की संभावना जताई है।

राज्य की सुबह ठिठुरन भरी रही, हवाओं के साथ कोहरे ने ठंड बढ़ा दी। दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ होने से खिली धूप ने ठंड से राहत दिलाई। मौसम विभाग के मुताबिक, मौसम में बदलाव के चलते न्यूनतम तापमान सामान्य से कम बना हुआ है। राज्य में सबसे ठंडा दमोह रहा, जहां न्यूनतम तापमान पांच डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं पूर्वानुमान है कि जम्मू एवं कश्मीर में पश्चिमी विक्षोभ का असर राज्य पर भी आगामी 24 घंटों में दिखेगा और ठंड बढ़ सकती है। साथ ही रीवा संभाग के अलावा टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना में कोहरा छा सकता है।

राज्य के तापमान में बदलाव का क्रम जारी है। शुक्रवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 11.1 डिग्री, इंदौर का 11.6 डिग्री, ग्वालियर का 10.3 डिग्री और जबलपुर का 9.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

इससे पहले गुरुवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 28.3 डिग्री, इंदौर का 30 डिग्री, ग्वालियर का 26.1 डिग्री और जबलपुर का 26.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493