बेंगलुरू, 7 जनवरी (आईएएनएस)। कर्नाटक की राजधानी में 14वां प्रवासी भारतीय दिवस यानी प्रवासी भारतीयों का सम्मेलन शनिवार को शुरू हो गया। दुनियाभर के देशों में रहने वाले प्रवासी भारतीय इस समारोह में शिरकत कर रहे हैं।
सम्मेलन का औपचारिक उद्घाटन रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे और पुर्तगाल के प्रधानमंत्री एंटोनियो कोस्टा की मौजूदगी में महत्वपूर्ण भाषण देंगे।
कर्नाटक के उद्योग मंत्री आर.वी. देशपांडे ने इस तीन दिवसीय कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में कहा, “देश की 65 फीसदी आबादी 35 साल के नीचे होने के साथ ही यह युवा प्रवासियों के लिए मित्रता को प्रगाढ़ करने, देश की पुरानी परंपरा व समृद्ध संस्कृति की खोज करने तथा अपने लोकाचार की पहचान करने का एक महत्वपूर्ण अवसर है।”
युवा प्रवासी भारतीय दिवस के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए विदेश राज्य मंत्री जनरल (सेवानिवृत्त) वी.के.सिंह ने कहा, “साल 2020 तक भारत के लोगों की औसत आयु 29 साल होगी, जिससे वह दुनिया का सबसे युवा देश हो जाएगा, क्योंकि भारत की 64 फीसदी आबादी काम करने वाले लोगों की होगी।”
दुनियाभर में युवा भारतीय प्रवासियों के योगदान की प्रशंसा करते हुए केंद्रीय युवा मामले एवं खेल मंत्री विजय गोयल ने कहा कि अमेरिका की व्यापार पत्रिका फोर्ब्स की सुपर अचीवर्स की सूची में भारतीय मूल के 30 युवा शामिल हैं, जिनकी उम्र 30 साल से कम है। सूची में शामिल 30 युवा गेम चेंजर्स हेल्थकेयर, मैन्युफैक्चरिंग, स्पोर्ट्स और फाइनेंस सहित 20 उद्योग से जुड़े हैं।
गोयल ने कहा, “यह गर्व और सम्मान की बात है कि गूगल, माइक्रोसॉफ्ट व पेप्सीको के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) क्रमश: सुंदर पिचई, सत्या नाडेला तथा इंद्रा नूई हैं, जो भारतीय हैं। नवनिर्वाचित राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने दक्षिणी कैरोलिना की गवर्नर भारतवंशी निक्की हेले को संयुक्त राष्ट्र का राजदूत मनोनीत किया है।”
गोयल ने कहा कि युवाओं को समाजसेवा और दूसरे देश के विकास के कार्यों से जोड़कर मंत्रालय उनके व्यक्तित्व और नेतृत्व कौशल में निखार लाने का प्रयास कर रहा है। इसे दो स्वयंसेवी संस्थाओं ‘राष्ट्रीय सेवा योजना’ और ‘नेहरु युवा केंद्र संगठन’ के जरिए किया जा रहा है। फिलहाल नेहरू युवा केंद्र संगठन के ग्रामीण इलाकों में 3.06 लाख युवा क्लब से 86 लाख युवा स्वयंसेवक जुड़े हुए हैं। जबकि 36 लाख से ज्यादा सीनियर सेकेंडरी स्कूल और कॉलेज के युवा राष्ट्रीय सेवा योजना से जुड़े हैं।
गोयल ने कहा कि विदेश में रह रहे भारतीय जो समाज सेवा करना चाहते हैं वो नेहरु युवा केंद्र संगठन, राष्ट्रीय सेवा योजना और राजीव गांधी राष्ट्रीय युवा संस्थान के साथ मिलकर मजबूत भारत बनाने की दिशा में कार्य कर सकते हैं।
‘भारत के परिवर्तन में प्रवासियों की भूमिका’ विषय पर उद्घाटन सत्र में लगभग 400 युवा प्रवासी भारतीयों ने हिस्सा लिया।
इस मौके पर सूरिनाम के उप-राष्ट्रपति माइकल अश्विन अधीन ने भी लोगों को संबोधित किया।
अगले तीन दिनों के दौरान स्टार्ट अप, विघटनकारी नवाचार तथा कर्नाटक में निवेश के अवसरों सहित विभिन्न विषयों पर लगभग 10 पूर्ण अधिवेशन होंगे।
राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी सोमवार को प्रवासी भारतीय पुरस्कारों का वितरण करेंगे और समापन भाषण देंगे।
पूर्ण अधिवेशन को विदेश राज्यमंत्री एम.जे.अकबर, केंद्रीय मानव संसाधान विकास मंत्री प्रकाश जावड़ेकर, केंद्रीय रसायन एवं उर्वरक मंत्री एच.एन. अनंत कुमार तथा नीति आयोग के मुख्य कार्यकारी अधिकारी अमिताभ कंठ भी संबोधित करेंगे।
इस कार्यक्रम में सात राज्यों के मुख्यमंत्री भी शिरकत करेंगे।
dharmpath.com dharmpath