एनबीसीएफडीसी का रजत जयंती समारोह

नई दिल्ली, 13 जनवरी (आईएएनएस)। केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री थावरचंद गहलोत ने शुक्रवार को यहां सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के अधीन आने वाले राष्ट्रीय पिछड़ा वर्ग वित्त एवं विकास निगम (एनबीसीएफडीसी) के रजत जयंती समारोह का उद्घाटन किया।

गहलोत ने एनबीसीएफडीसी के चैनल प्रशिक्षण साझीदारों को उत्कृष्ट कामकाज के लिए पुरस्कृत किया और ऋण एवं कर्मचारी सूचना स्वचालन परियोजना प्रणाली की शुरुआत की। उन्होंने एनबीसीएफडीसी के हितधारकों के अनुभवों पर आधारित एक लघु फिल्म ‘हमारी कहानी’ और एक पुस्तक ‘सफलता की कहानियां’ का विमोचन किया।

गहलोत ने कहा कि उनका मंत्रालय पिछड़े वर्ग के कल्याण के लिए सभी राज्यों में सहायक एजेंसियों और बैंक संस्थानों के साथ मिल कर काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि उनके मंत्रालय के अधीन सभी निगम बेहतरीन काम कर रहे हैं और जरूरतमंदों की सेवा कर रहे हैं। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय अपने निगमों के माध्यम से पिछड़े वर्ग के युवाओं के लिए नियमित रूप से रोजगार मेले आयोजित करते हैं।

उन्होंने कहा, “प्रशिक्षण से व्यक्तित्व में निखार आता है। ‘जन भागीदारी’ के बिना इस तरह की योजनाएं सफल नहीं हो सकती।” उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय के इन निगमों की विभिन्न योजनाओं से लाभ उठाएं।

इस अवसर पर सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता राज्यमंत्री रामदास आठवले, मंत्रालय की सचिव लता कृष्णा राव और अन्य विशिष्ट जन उपस्थित थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493