नई दिल्ली, 15 जनवरी (आईएएनएस)। दिल्ली पुलिस ने हत्या के प्रयास, शस्त्र अधिनियम के उल्लंघन और भूमि कब्जाने के मामलों में वांछित 29 वर्षीय एक अपराधी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह जानकारी रविवार को दी।
अभियुक्त की पहचान हरियाणा के बहादुरगढ़ के रहने वाले राहुल राठी के रूप में हुई है, जो कई आपराधिक मामलों में शामिल रहा है। उसे एक स्थानीय अदालत ने भगोड़ा घोषित किया था और वह 2013 के बाद से ही गिरफ्तारी से बचने के लिए इधर-उधर छुपता रहा है।
पुलिस आयुक्त (जेसीपी) रवींद्र यादव ने बताया, “राहुल को पुलिस टीम को मिली एक गुप्त सूचना के आधार पर एक छापे में उस वक्त गिरफ्तार किया गया, जब वह शनिवार की रात द्वारका चौराहे पर अपने साथियों से मिलने के लिए आया था।”
यादव ने ट्वीट कर बताया, “पूछताछ में राहुल ने पुलिस को बताया कि उसने अपने शुरुआती सालों में इंटरमीडिएट की परीक्षा और गुरुग्राम की एक निजी कंपनी में मजदूर के तौर पर काम किया। इसके बाद उसने एक साल तक निजी टैक्सी चलाई और इसी दौरान वह बुरे तत्वों के संपर्क में आ गया।”
यादव ने कहा कि राहुल पहले अपने साथ पिस्तौल भी रखता था। इसे 11 मार्च 2011 में चावला क्षेत्र से अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार किया गया था। मामले में दोषी ठहराते हुए उसे जेल की सजा दी गई थी, लेकिन बाद में उसे जमानत दे दी गई।
पुलिस अधिकारी ने कहा, “राहुल भूमि कब्जाने और अन्य कई आपराधिक गतिविधियों से जुड़े प्रदीप के साथ संपर्क में आया और एक साथ गैंग में जुड़कर अपराधों को अंजाम देने लगा। वह अनिल पहलवान के गैंग से 2013 में जुड़ा था।”
dharmpath.com dharmpath