जल्लीकट्टू पर युवाओं को समर्थन देने मरीना बीच पहुंचे अभिनेता विजय

चेन्नई, 21 जनवरी (आईएएनएस)। तमिल सुपरस्टार विजय जल्लीकट्टू पर प्रतिबंध के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हजारों युवाओं को समर्थन देने के लिए यहां मरीना बीच पर पहुंचे।

सूत्र ने बताया कि विजय शुक्रवार रात जल्लीकट्टू के हजारों समर्थकों के साथ शामिल हुए।

अभिनेता के एक करीबी सूत्र ने आईएएनएस को बताया, “उन्होंने नदीगर संगम की ओर से शुक्रवार को आयोजित एक दिन के अनशन में भाग नहीं लिया, क्योंकि वह नहीं चाहते थे कि प्रदर्शनकारी युवाओं से ध्यान हटकर उन पर जाए। हालांकि, उन्होंने शुक्रवार रात उनके साथ शामिल होने का फैसला लिया। उन्होंने अपने चेहरे को रुमाल से ढका और शांति से मरीना बीच पर प्रदर्शन कर रहे लोगों के साथ शामिल हो गए।”

इससे पहले एक वीडियों में विजय ने कहा था, “कानून लोगों की परंपरा और अधिकार को छीनने के लिए नहीं, बल्कि इसे बचाने के लिए बनाया गया है। जल्लीकट्टू प्रत्येक तमिल की पहचान है, जल्लीकट्टू पर प्रतिबंध का विरोध करने के लिए लोग इसलिए एकजुट हुए हैं, क्योंकि वे सभी तमिल हैं, इसलिए नहीं कि उनकी कोई मजबूरी है या उन पर किसी तरह का राजनीतिक दबाव है।”

वर्तमान में विजय निर्देशक एटली के साथ अपनी अगली तमिल फिल्म की शूटिंग के लिए तैयार हैं। फिल्म का नाम अभी तय नहीं है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493