हमारे पास प्रियंका से ‘ज्यादा सुंदर स्टार प्रचारक’ : विनय कटियार

नई दिल्ली, 25 जनवरी (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद विनय कटियार ने बुधवार को विवादित बयान देते हुए कहा कि उनकी पार्टी में कांग्रेस की प्रियंका गांधी वाड्रा की तुलना में कहीं ‘अधिक सुंदर स्टार प्रचारक’ हैं।

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में कांग्रेस के स्टार प्रचारकों की सूची में प्रियंका गांधी के नाम के सिलसिले में पूछे जाने पर भाजपा के राज्यसभा सदस्य ने कहा, “इससे कोई फर्क नहीं पड़ता। हमारे पास उनसे ज्यादा सुंदर महिलाएं व अभिनेत्रियां स्टार प्रचारक के रूप में हैं।”

कटियार की यह टिप्पणी जनता दल (युनाइटेड) के नेता शरद यादव द्वारा महिलाओं के प्रति भेदभावपूर्ण टिप्पणी के एक दिन बाद आई है।

जद (यू) नेता ने मंगलवार को बिहार में कहा था कि वोट की इज्जत बेटी की इज्जत से बड़ी होती है।

यादव ने कहा, “यदि किसी की बेटी की इज्जत गई, तो केवल पड़ोस व उसके गांव में ही उसकी इज्जत जाएगी, लेकिन अगर वोट बिक गया, तो देश की इज्जत चली जाएगी।”

विभिन्न टेलीविजन चैनलों पर यादव की टिप्पणी वाला वीडियो चला और फिर यह सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

यादव व कटियार दोनों को ही उनकी टिप्पणी के लिए आलोचनाएं झेलनी पड़ रही हैं।

द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) की नेता कनिमोझी ने कहा, “जब आप महिलाओं को वस्तु की तरह पेश किए जाने के बारे में बात करते हैं, तो अधिकांश पुरुष राजनेता इस बारे में समझ ही नहीं पाते। महिलाओं के अधिकार क्या हैं, ये मुद्दे क्या हैं, इसके प्रति ऐसे लोगों को संवेदनशील बनाने के लिए कुछ किया जाना चाहिए।”

उन्होंने कहा, “वे समझ ही नहीं पाते कि क्या बोलना चाहिए और क्या नहीं?”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493