शिमला, 26 जनवरी (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश के कई इलाकों में गुरुवार को मध्यम से भारी बर्फबारी दर्ज की गई, जिससे ऊंचाई वाले कई क्षेत्रों के सड़क संपर्क टूट गए हैं।
अधिकारी ने बताया कि ऊंचाई वाले शिमला के कस्बों में सड़कें बर्फ से ढक गई हैं इसलिए सड़क मार्ग अवरुद्ध हो गया है।
मनाली से 20 किलोमीटर दूर पटलीकुल के पास की सड़क के बर्फ की मोटी चादर से ढक जाने के कारण कुल्लू-मनाली राजमार्ग पर सड़क संपर्क भी अवरुद्ध हो गया है।
जुब्बल, कोटहाई, कुमारसैन, खड़ापत्थर, रोहड़ू और चोपाल के विभिन्न संपर्क सड़कें बर्फ के कारण अवरुद्ध हो गई हैं, जिससे किन्नौर और शिमला जिले के अधिकांश ऊंचाई वाले इलाकों तक पहुंचने के मार्ग भी बंद हो गए हैं।
मौसम विभाग ने बताया कि मनाली में 22 सेमी तक बर्फबारी दर्ज होने के साथ न्यूनतम तापमान शून्य से 0.6 डिग्री सेल्सियस नीचे है।
शिमला में रातभर 29.2 मिलीमीटर तक बारिश हुई है। शिमला से 250 किलोमीटर दूर कल्पा में 34 सेंटीमीटर तक बर्फबारी हुई है।
अधिकारी ने बताया, “लाहौल-स्पीति जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों, कुल्लू, किन्नौर सिरमौर, चंबा, मंडी और शिमला जिले में मंगवार से बर्फबारी जारी है।”
धर्मशाला, पालमपुर, सोलन, नाहन, बिलासपुर, ऊना, हमीरपुर और मंडी कस्बों सहित राज्य के निचले क्षेत्रों में मध्यम से भारी बारिश दर्ज हुई, जिससे तापमान में काफी गिरावट आई।
चंबा जिले के सलूनी में सुबह 8 बजे तक 58 मिमी बारिश हुई।
कल्पा में तापमान शून्य से 0.8 डिग्री, नाहन में 8.7 डिग्री सेल्सियस और सोलन में 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, यहां 21.4 मिमी बारिश भी हुई।
शिमला के निकट प्रमुख पर्यटक स्थल जैसे कुफरी, फागू, मशोबरा और नरकंडा के प्रमुख पर्यटक रिसॉर्ट में मध्यम बर्फबारी हुई है, जिससे इन क्षेत्रों का आकर्षण और भी बढ़ गया है।
सरकार ने सड़कों के धसने, भूस्खलन और भारी बर्फबारी की आशंका के कारण पर्यटकों को ऊंची पहाड़ियों पर न जाने की चेतावनी दी है।
dharmpath.com dharmpath