जम्मू, 26 जनवरी (आईएएनएस)। जम्मू एवं कश्मीर के राज्यपाल एन.एन.वोहरा ने गुरुवार को कहा कि अशांति व परेशानी के बावजूद राज्य के युवाओं ने विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है।
यहां गणतंत्र दिवस समारोह को संबोधित करने के दौरान वोहरा ने कहा, “अगर हम अतीत के पन्नों को उलटें, तो बीते कुछ वर्षो के दौरान बार-बार आए संकट व परेशानियों के बावजूद हमारे युवा लगभग हर क्षेत्र में बेहद अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं।”
वोहरा ने यहां मौलाना आजाद स्टेडियम में झंडा फहराया और शानदार परेड की सलामी ली।
उन्होंने कहा, “जम्मू एवं कश्मीर में हमारी सबसे बड़ी ताकत हमारे युवा हैं, जिनकी संख्या हमारी आबादी की आधी है।”
राज्यपाल ने कहा, “इसके अलावा अखिल भारतीय सेवाओं, रक्षा, केंद्रीय पुलिस बलों तथा अन्य सेवाओं में भी वह उच्च स्थान प्राप्त कर रहे हैं।”
वोहरा ने फिल्म ‘दंगल’ में काम करने वाली कश्मीर की अभिनेत्री जायरा वसीम की भी प्रशंसा की।
उन्होंने कश्मीर घाटी में पिछले साल हुई अशांति के दौरान लोगों की मौत पर नाखुशी जताते हुए कहा कि विरोध-प्रदर्शनों से केवल प्रगति बाधित होती है।
राज्यपाल ने कहा, “कश्मीर घाटी में पिछले साल हुई अशांति के दौरान भारी संख्या में लोगों की मौत हुई और काफी संख्या में सुरक्षा बल के जवान घायल हुए। मैं उन सबके प्रति संवेदना जताता हूं, जिन्होंने इसमें अपनों को खो दिया।”
उन्होंने कहा, “सप्ताह दर सप्ताह बढ़ाई गई हड़ताल से भारी आर्थिक नुकसान हुआ और खासकर रोजाना कमाने वाले मजदूरों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा।”
वोहरा ने कहा, “हिंसक प्रदर्शनों में दर्जनों स्कूलों व सरकारी कार्यालयों, पुलिस थानों तथा निजी संपत्तियों को आग के हवाले कर दिया गया।”
उन्होंने कहा, “हिंसक प्रदर्शनों से शैक्षणिक प्रणाली को अपूरणीय क्षति हुई है। स्कूल जाने वाले 14 लाख बच्चों तथा कॉलेज व विश्विद्यालय जाने वाले लगभग एक लाख छात्रों की पढ़ाई बाधित हुई।”
वोहरा ने कहा कि पाकिस्तान बनने के बाद से ही वह कश्मीर को हथियाने का प्रयास कर रहा है।
उन्होंने सभी पक्षों को साथ आने तथा क्षेत्र में शांति व सुलह के लिए काम करने को कहा।
dharmpath.com dharmpath