शिलांग, 28 जनवरी (आईएएनएस)। मेघालय के गृहमंत्री होरजू दोनकुपर रॉय लिंगदोह ने शनिवार को कहा कि यहां उनके बेटे के गेस्ट हाउस में एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के सिलसिले में वह अपने पद से इस्तीफा नहीं देंगे।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सहित विभिन्न हलकों से इस्तीफे की मांग पर प्रतिक्रिया जताते हुए उन्होंने कहा, “मैंने कोई गलत काम नहीं किया। गेस्ट हाउस मैं नहीं चलाता हूं। यह प्रबंधन द्वारा चलाया जाता है।”
गृहमंत्री ने आईएएनएस से कहा, “सच्चाई का पता लगाने के लिए मैंने पुलिस को पूरी छूट दी है। अगर जरूरत पड़ती है, तो वे (पुलिस) मुझसे भी पूछताछ कर सकते हैं। इसलिए, मैं मंत्री पद से इस्तीफा नहीं दूंगा।”
लिंगदोह के बेटे नाथानिल ऑस्बर्ट रिम्माई द्वारा संचालित गेस्ट हाउस में 14 साल की एक लड़की से चार लोगों ने बारी-बारी से दुष्कर्म किया।
अनुचित व्यवहार तथा राजभवन की मर्यादा को ठेस पहुंचाने के आरोप में अरुणाचल प्रदेश तथा मेघालय के राज्यपाल वी.षणमुगनाथन के मंगलवार को इस्तीफे के मद्देनजर, लिंगदोह का बयान महत्वपूर्ण है।
मेघालय पुलिस ने विभिन्न गेस्ट हाउसों तथा एक सरकारी आवास में 14 साल की एक लड़की से बार-बार हुए दुष्कर्म के मामले में 16 लोगों को गिरफ्तार किया है, जिनमें एक निर्दलीय विधायक जुलियस किटबोक दोरफांग भी शामिल हैं।
ईस्ट खासी हिल्स के जिला पुलिस प्रमुख मारियाहोम खारकरांग ने आईएएनएस से कहा, “मामले की जांच जारी है। हमने गृहमंत्री के बेटे से पूछताछ की है और अगर जरूरत पड़ी, तो हम गृहमंत्री को भी पूछताछ के लिए समन करेंगे।”
भाजपा के सचिव व मेघालय के प्रभारी नलिन कोहली ने कहा, “आखिर किस मुंह से कांग्रेस पार्टी मुद्दे का राजनीतिकरण कर रही है। उन्हें पहले इस सवाल का जवाब देना चाहिए कि गृहमंत्री अपने पद पर अभी तक क्यों बने हुए हैं और उनके खिलाफ क्या कार्रवाई की जा रही है। 14 साल की एक नाबालिग के साथ एक गेस्ट हाउस में दुष्कर्म हुआ, जो गृहमंत्री का है और उसके खिलाफ पहले भी शिकायतें मिल चुकी हैं।”
dharmpath.com dharmpath