मप्र में पुलिस जवानों पर आदिवासी महिलाओं से दुष्कर्म का आरोप

भोपाल, 30 जनवरी (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के धार जिले में आरोपियों को गिरफ्तार करने गए पुलिस जवानों पर महिलाओं की आबरूलूटने का आरोप लगा है। पीड़ित महिलाओं ने सोमवार को राजधानी में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अरुण यादव के नेतृत्व में महिला आयोग और पुलिस महानिदेषक ऋषि कुमार शुक्ला को ज्ञापन सौंपकर दोषियों पर कार्रवाई की मांग की।

अरुण यादव ने आईएएनएस को बताया कि 25 जनवरी की रात धार जिले की पुलिस कुछ आरोपियों को पकड़ने भुतिया और होलीबयड़ा गांव पहुंची। उसे आरोपी नहीं मिले तो उन्होंने गांव में उत्पात मचाया। इतना ही नहीं, महिलाओं की अस्मत लूटी और उसके बाद नगदी व जेवरात लूट ले गए।

यादव का आरोप है कि इस घटना की जानकारी क्षेत्रीय विधायक उमंग सिंगार को मिली तो उन्होंने आरोपी पुलिसकर्मियों के खिलाफ थाने में रिपोर्ट दर्ज कराने की कोशिश की। जब पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की, तब महिलाएं भोपाल पहुंचीं।

पीड़ित महिलाओं ने कांग्रेस नेताओं के साथ महिला आयोग व पुलिस महानिदेशक को ज्ञापन सौंपकर दोषी पुलिस कर्मचारियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। पीड़ित महिलाओं ने महिला आयोग से एक प्रतिनिधिमंडल को घटनास्थल पर भेजने की मांग की।

यादव ने घटना की जांच धार जिले के पुलिस अधिकारियों के अलावा किन्हीं अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से कराने की मांग की, साथ ही दुष्कर्म पीड़ित महिलाओं के बयान भी पुलिस मुख्यालय में दर्ज कराने का आग्रह किया, जिसे पुलिस महानिदेशक ने स्वीकार कर दुष्कर्म पीड़ित महिलाओं के बयान दर्ज कराए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493