उप्र : शिवपाल ने जसवंत नगर से भरा पर्चा, बनाएंगे नई पार्टी (लीड-1)

लखनऊ / इटावा, 31 जनवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की सत्तारूढ़ समाजवादी पार्टी (सपा) के भीतर चुनावी माहौल भी घमासान देखने को मिल रहा है। सपा के दिग्गज नेता शिवपाल सिंह यादव ने मंगलवार को इटावा जिले की जसवंत नगर सीट से अपना पर्चा दाखिल किया। इसके बाद उन्होंने बगावती रुख दिखाते हुए कहा कि वह 11 मार्च के बाद नई पार्टी का गठन करेंगे।

जसवंतनगर सीट से नामांकन के बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए शिवपाल ने साफ तौर पर कहा कि उनके साथ भितरघात किया गया है और मुलायम सिंह यादव सहित उनके लोगों को लगातार अपमानित किया जा रहा है।

भाषण के दौरान उनके निशाने पर अप्रत्यक्ष तौर पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव व महासचिव प्रो़ रामगोपाल यादव रहे।

मुख्यमंत्री अखिलेश यादव का नाम लिए बगैर शिवपाल ने कहा, “सपा का चुनाव चिह्न् उनकी कृपा से मिला है। हालांकि वे निर्दलीय लड़ने को भी तैयार थे। 15 दिन पूर्व चुनाव लड़ने का मेरा मन नहीं था, लेकिन जनता की ताकत मिलने पर मैं मैदान में आ गया हूं।”

शिवपाल ने कहा, “कांग्रेस को उत्तर प्रदेश में 105 सीटें दे दी गईं जबकि कांग्रेस की हैसियत केवल चार सीटों की थी। हमारे जिताऊ उम्मीदवारों की सीटें काटकर कांग्रेस की झोली में डाल दीं।”

उन्होंने कहा, “मरते दम तक मुलायम सिंह यादव के साथ रहूंगा और हमारे जो उम्मीदवार उनके आशीर्वाद से दूसरे दलों से चुनाव लड़ रहे हैं, उनका प्रचार करूंगा।”

शिवपाल ने कहा, “हमारे पास जो विभाग थे, वे अच्छे चले। हमने काफी काम किया, लेकिन हमारी फाइलें जानबूझकर रोकी जाती रहीं, फिर भी हमने काम किए। बाधाओं के बावजूद विभाग चलाए। बहुत से लोगों को नौकरी नहीं दे पाए, इसका मुझे मलाल है।”

उन्होंने कहा, “हम बर्खास्त भी हुए। कोई गलत काम न हो, इसी का हमने विरोध किया और नेता जी ने हमारा समर्थन किया तो हम दोनों लोगों पर हमला बोला गया।”

शिवपाल ने कहा, “मैंने मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से कहा था कि सबकुछ ले लो, मगर नेताजी को पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बने रहने दो। हमारे लोग आज भी संघर्ष कर रहे हैं और जेलों में हैं। बहुत से ऐसे मंत्री हैं जो सिर्फ फोटो खिंचवाते हैं, मगर वो नहीं हटाए गए। जो काम कर रहे थे, उन्हें हटा दिया गया।”

उन्होंने कहा, “हमारी लिस्ट का कहीं विरोध नहीं था। पक्के समाजवादियों का टिकट केवल इसलिए काटा गया कि शिवपाल सिंह यादव कैसे कमजोर हों। हम स्टार प्रचारक नहीं हैं, अच्छा है। हम इसी का प्रचार करेंगे। मैं नेताजी के निर्देश पर चुनाव लड़ रहा हूं।”

शिवपाल ने सपा के राष्ट्रीय महासचिव रामगोपाल यादव पर भी बगैर नाम लिए हमला बोला और कहा, “जो लोग कब्जा कर रहे थे, अवैध शराब बिकवा रहे थे, यह कौन नहीं जानता। इसी का विरोध करने का खामियाजा मुझे भुगतना पड़ा।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493