अमित शाह नॉन पॉलिटिकल, पैसे का खेल करते हैं : लालू

पटना, 4 फरवरी (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री लालू प्रसाद ने यहां शनिवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह पर निशाना साधते हुए उन्हें ‘नॉन पॉलिटिकल’ और पैसे का खेल करने वाला आदमी बताया।

अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रहने वाले बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री व पूर्व केंद्रीय मंत्री लालू प्रसाद ने कहा, “अमित शाह भी कोई नेता हैं? नन पॉलिटिकल आदमी हैं, पैसे का खेल करते हैं।”

नरेंद्र मोदी और अमित शाह की दोस्ती 1982 (कॉलेज के दिनों) से ही है। बायोकेमिस्ट्री में बीएससी करने के बाद उन्होंने प्लास्टिक पाइपों का व्यवसाय संभाला, वह स्टॉक ब्रोकर भी रहे हैं। वर्ष 2012 में उनकी घोषित संपत्ति 11 करोड़ 77 लाख रुपये थी। वह गुजरात के नारनपुरा से विधायक हैं। यह बात दीगर है कि पार्टी की बड़ी जिम्मेदारी संभालने के कारण विधानसभा में उनकी उपस्थिति न के बराबर है। पांच साल में उनकी संपत्ति बढ़कर कितनी हुई, यह तब पता चलेगा जब अगले चुनाव के लिए पर्चा दाखिल करते समय वह निर्वाचन आयोग को अपनी संपत्ति का ब्योरा देंगे।

बिहार में सत्ताधारी महागठबंधन में सबसे बड़े घटक दल राजद के नेता ने दावा किया कि हाल में जिन राज्यों में विधानसभा चुनाव हो रहे हैं, उन सभी स्थानों पर भाजपा का सफाया हो जाएग। उन्होंने कहा कि नोटबंदी को लेकर सभी राज्यों के लोग केंद्र सरकार से नाखुश हैं। मोदी सरकार ने जो बेकसूरों को नोटबंदी का दर्द दिया, उससे सभी लोग परेशान हैं।

शनिवार को पंजाब और गोवा में मतदान हुआ है। भाजपा के अध्यक्ष उत्तर प्रदेश सहित सभी राज्यों में भाजपा की जीत के लिए जबरदस्त मेहनत कर रहे हैं। लालू प्रसाद पहले भी नोटबंदी और विभिन्न मुद्दों को लेकर भाजपा अध्यक्ष अमित शाह पर निशाना साधते रहे हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493