संघ का एजेंडा सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ना : कांग्रेस

भोपाल, 8 फरवरी (आईएएनएस)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक मोहन भागवत के आठ दिवसीय प्रवास को कांग्रेस ने साम्प्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने की कोशिश का हिस्सा करार दिया है। कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष अरुण यादव ने कहा है कि संघ का एजेंडा ही साम्प्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने का है, जिस पर काम करने भागवत राज्य में आए हैं।

यादव ने बुधवार को आईएएनएस से कहा, “राज्य में वैसे भी भाजपा की सरकार सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने में कोई कोर कसर नहीं छोड़ती है, संघ और उसके अनुषांगिक संगठन यही कार्य करते हैं, अब भागवत यहां आकर इस आग को और भड़काने में लग गए हैं।”

यादव ने भागवत को जमीनों का कारोबारी बताया। उन्होंने कहा, “भागवत राज्य में जमीन की सौदेबाजी करने आते हैं, उन्हें बताना चाहिए कि इस बार कौन सी जमीन का सौदा करने आए हैं, साथ ही सरकार बताए कि बीते 12 वर्षो में संघ को कहां-कहां और कितनी-कितनी जमीन दी गई है।”

भागवत के बैतूल जेल में जाने पर यादव ने सवाल उठाते हुए कहा कि, भागवत का जेल के भीतर जाकर एक बैरक में संघ के पूर्व सरसंघ चालक माधव सदाशिव गोलवलकर को श्रद्घांजलि देना जेल मैनुअल का खुला उल्लंघन है।

ज्ञात हो कि भागवत आठ दिन के मध्य प्रदेश प्रवास पर आए हैं। इस दौरान उनके कई कार्यक्रम हैं। बुधवार को उन्होंने बैतूल के हिंदू सम्मेलन में हिस्सा लिया और जेल भी गए। यहां की जेल में गोलवलकर तीन माह बतौर कैद रहे थे, उन्हें श्रद्घासुमन अर्पित करने भागवत जेल के बैरक नंबर एक में गए थे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493