नई दिल्ली, 9 फरवरी (आईएएनएस)। दक्षिण एशियाई खेलों की सफल मेजबानी कर चुका असम की राजधानी गुवाहाटी अप्रैल में ‘हिमालयन रीजन गेम्स’ की मेजबानी करेगा। भारतीय ओलम्पिक संघ (आईओए) ने मंगलवार यह घोषणा की।
गुवाहाटी में यह खेल 21 से 30 अप्रैल के बीच खेले जाएंगे।
मेजबान भारत के अलावा नेपाल, म्यांमार, भूटान, थाईलैंड, अफगानिस्तान ने इन खेलों में हिस्सा लेने पर सहमति दे दी है। इस टूर्नामेंट में निशानेबाजी, एथलेटिक्स, मुक्केबाजी, तलवारबाजी, फुटबाल, जूडो, खो-खो, स्क्वॉश, टेबल-टेनिस और भारत्तोलन शामिल हैं।
आईओए की कार्यकारी समिति के अध्यक्ष धनराज चौधरी को इन खेलों की तकनीकी समिति का चेयरमैन बनाया गया है।
गुवाहाटी को हिमालयन रीजन गेम्स की मेजबानी सौंपते हुए आईओए के अध्यक्ष रामचंद्रन ने कहा, “गुवाहाटी में हिमालयन खेलों की मेजबानी करना हमारे लिए गर्व की बात है। उत्तर-पूर्व के इस राज्य ने देश को कई महान खिलाड़ी दिए हैं। हम खेल को देश के हर हिस्से में फैलाना चाहते हैं और खेल की परंपरा स्थापित करना चाहते हैं।”
आईओए के महासचिव राजीव मेहता ने कहा, “उम्मीद है कि हम अच्छा आयोजन करेंगे।”
उन्होंने कहा, “सरकार ने हिमालयन रीजन गेम्स में खेल को बढ़ावा देने के लिए हमारी मदद करने का वादा किया है। यह आयोजन युवाओं को खेल को पेशे के तौर पर लेने के लिए प्रेरित करेगा।”
dharmpath.com dharmpath