जम्मू/श्रीनगर, 11 फरवरी (आईएएनएस)। कश्मीर घाटी में शनिवार को न्यूनतम तापमान हिमांक बिंदु से नीचे दर्ज किया गया। राज्य में अगले 48 घंटों के दौरान तापमान शुष्क बने रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बताया, “लद्दाख, लेह में न्यूनतम तापमान शून्य से 16.9 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज हुआ, जबकि कारगिल में शून्य से 16.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया।”
अधिकारी के मुताबिक, “रात में आसमान साफ होने के कारण घाटी में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। हालांकि जम्मू क्षेत्र में तापमान शून्य से ऊपर रहा।”
घाटी में गुलमर्ग का तापमान शून्य से 9.6 डिग्री सेल्सियस नीचे और पहलगाम में शून्य से 7.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज हुआ।
जम्मू शहर में न्यूनतम तापमान 9.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
अधिकारी ने बताया, “कटरा में न्यूनतम तापमान 8.3 डिग्री, बटोट में 4.5 डिग्री सेल्सियस, बनिहाल में 0.6 डिग्री सेल्सियस और भदरवाह में शून्य से 0.4 डिग्री सेल्सियस नीचे तापमान दर्ज हुआ।”
dharmpath.com dharmpath