लखनऊ, 15 फरवरी (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण का मतदान बुधवार को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो गया। निर्वाचन आयोग के मुताबिक, कुल 65़ 5 प्रतिशत मतदान हुआ। इसके साथ ही 720 उम्मीदवारों का भाग्य ईवीएम में कैद हो गया।
इस चरण में 11 जिलों की 67 सीटों पर मतदान हुआ। मतदान सुबह सात बजे से शुरू हुआ था, जो शाम पांच बजे खत्म हो गया। राज्य निर्वाचन आयोग ने बताया कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में पांच बजे तक 65़ 5 प्रतिशत मतदान हुआ है।
आयोग ने बताया कि कई जगह लोग देर शाम तक कतारों में लगे हुए थे। अंतिम मत प्रतिशत में कुछ इजाफा हो सकता है।
मुख्य निवार्चन अधिकारी टी. वेंकटेश ने बताया कि मतदान शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न हो गया। लखीमपुर खीरी में दो गुटों के बीच झड़प के बाद गोलीबारी की घटना को छोड़कर कहीं से अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। कुछ जगहों पर ईवीएम में गड़बड़ी की शिकायतें आईं, लेकिन समय रहते उन्हें दूर कर लिया गया।
आयोग के मुताबिक, शाम पांच बजे तक बरेली में 62़17 फीसदी, शाहजहांपुर में 65 फीसदी, लखीमपुर खीरी में 68़51 फीसदी, पीलीभीत में 65़ 62 फीसदी, बदायूं में 61 फीसदी मतदान हुआ। मुरादाबाद में 64़ 30 फीसदी और सहारानपुर में 71 प्रतिशत मतदान हुआ।
अमरोहा के मनोटा मतदान केंद्र पर रालोद के प्रत्याशी अशफाक और भाजपा प्रत्याशी चेतन चौहान के समर्थकों में मारपीट की घटना हुई। उधर, बरेली के फरीदपुर के मठिया मोहल्ले में वोटर लिस्ट से नाम कटने के विरोध में लोगों ने हंगामा किया।
इधर, रामपुर के बिलासपुर में पुलिस ने कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेश उपाध्यक्ष फैसल खान लाला को हिरासत में ले लिया है। पुलिस ने हालांकि फैसल को हिरासत में लिए जाने की वजह नहीं बताई है।
उल्लेखनीय है कि दूसरे चरण में जिन 11 जिलों में मतदान हुआ, वे हैं सहारनपुर, बिजनौर, मुरादाबाद, संभल, रामपुर, बरेली, अमरोहा, पीलीभीत, लखीमपुर खीरी, शाहजहांपुर और बदायूं। इनमें से बिजनौर की बरहपुर सीट पर सबसे ज्यादा 22 उम्मीदवार और अमरोहा की धनौरा सीट से सबसे कम 4 उम्मीदवार हैं।
इस चरण में 2.28 करोड़ मतदातओं ने 721 प्रत्याशियों का भाग्य ईवीएम में बंद कर दिया है। मतगणना 11 मार्च को होगी। जीतने वाले होली से दो दिन पहले ही गुलाल उड़ाएंगे और पटाखे जलाकर दिवाली भी मनाएंगे।
dharmpath.com dharmpath