एडमिरल सुनील लाम्बा ने नोएडा में शहीदों को श्रद्धांजलि दी

नई दिल्ली, 18 फरवरी (आईएएनएस)। नौसेना प्रमुख एडमिरल सुनील लाम्बा ने शनिवार सुबह ‘शहीद स्मारक’ पर श्रद्धांजलि एवं पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने इस अवसर पर इन जांबाज शहीदों के परिवारों को भरोसा दिलाते हुए कहा कि सशस्त्र बल हमारे समुद्र क्षेत्र एवं सीमावर्ती क्षेत्रों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में उनके दिखाए रास्ते पर मजबूती से आगे बढ़ते रहेंगे।

नोएडा की एक संस्था द्वारा आयोजित एक औपचारिक समारोह में नौसेना प्रमुख ने कहा कि थल सेना, वायुसेना एवं नौसेना के जवानों को श्रद्धांजलि अर्पित करना उनके लिए सम्मान की बात है। ‘नोएडा शहीद स्मारक’ नोएडा टाउनशिप द्वारा निर्मित एक ऐसा ही अनूठा सैन्य स्मारक है, जिसने हमारे शहीदों की यादों और उनकी भावना को जीवित रखा है।

इस समारोह में बड़ी संख्या में नागरिक एवं सैन्य क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों, भारतीय प्रशासनिक सेवा एवं भारतीय पुलिस सेवा के अधिकारियों, पूर्व सैनिकों, स्कूली छात्रों एवं आम नागरिकों ने भाग लिया, जो वहां इन अमर शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए आए थे।

उन्होंने कहा कि किसी भी देश की महानता उसके नागरिकों द्वारा बहादुर सशस्त्र बलों के शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दिए जाने में प्रदर्शित होती है, जिन्होंने हमारी मातृभूमि की सुरक्षा एवं हिफाजत के लिए अपनी सर्वोच्च कुर्बानी दी है।

शहीदों का सम्मान करने के लिए इस प्रकार के एक युद्ध स्मारक को स्थापित करने की संकल्पना 1998 में की गई थी। वर्तमान स्मारक उन सभी सशस्त्र बलों के जवानों को एक भावपूर्ण श्रद्धांजलि है, जिन्होंने आजादी के बाद से विभिन्न निर्णायक जीतों के लिए अपनी सर्वोच्च कुर्बानी दी है।

नोएडा शहीद स्मारक (एनएसएस) एक प्रतिष्ठित मील का पत्थर है, जो न केवल इन बहादुर जवानों को याद रखता है और आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा के एक श्रोत के रूप में कार्य करता है, बल्कि उन लोगों को हमारी शाश्वत कृतज्ञता भी अर्पित करता है, जिन्होंने अपना सर्वोच्च बलिदान इसलिए दिया कि हम एक बेहतर भविष्य देख सकें।

एनएसएस प्रत्येक वर्ष फरवरी में जवानों को श्रद्धांजलि देने के लिए वार्षिक पुष्पांजलि समारोह का आयोजन करता है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493