लखीसराय, 27 फरवरी (आईएएनएस)। बिहार के लखीसराय जिले के पीरीबाजार थाना क्षेत्र में रिश्ते को शर्मसार करने वाली एक घटना सामने आई है। एक पिता ने सोते हुए अपने पुत्र की धारदार हथियार से हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस के अनुसार, कस्बा गांव निवासी रामचंद्र सिंह का पुत्र अमित कुमार उर्फ कल्लू (24) दिल्ली में एक कॉल सेंटर में काम करता था। कुछ दिन पूर्व वह अपने घर आया था। आरोप है कि युवक पैसे को लेकर पिता को अक्सर परेशान करता था और नहीं देने पर मारपीट करता था।
पैसे को लेकर रविवार रात भी दोनों में विवाद हुआ था। इसके बाद पिता ने सोमवार तड़के सोए हुए कल्लू की धारदार हथियार से हत्या कर दी।
पीरी बाजार के थाना प्रभारी रविकांत कुमार ने बताया कि पिता-पुत्र के बीच करीब चार-पांच साल से विवाद चल रहा था। रामचंद्र अपने बेटे की दिल्ली में नौकरी लगवाई थी। उन्होंने बताया कि ग्रामीणों का कहना है कि जब रामचंद्र कुछ दिन पहले दिल्ली गया था, तो बेटे ने उसे मारपीट कर भगा दिया था।
थाना प्रभारी ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। आरोपी पिता को गिरफ्तार कर लिया गया है।
dharmpath.com dharmpath