भोपाल जेल ब्रेक कोई बड़ी घटना नहीं : मंत्री

भोपाल, 27 फरवरी (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश में अजीबो-गरीब बयान देने के लिए चर्चित जेल और लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी मंत्री कुसुम महदेले ने एक बार फिर विवादित बयान देते हुए कहा, “भोपाल जेल ब्रेक कोई बड़ी घटना नहीं है।”

राज्य विधानसभा में भोपाल के केंद्रीय जेल से इस्लामिक स्टूडेंट मूवमेंट ऑफ इंडिया (सिमी) के आठ विचाराधीन कैदियों के भागने की घटना को लेकर प्रश्नकाल के दौरान सोमवार को कांग्रेस विधायक शैलेंद्र पटेल द्वारा पूछे गए सवाल का जेल मंत्री द्वारा संतोषजनक जवाब नहीं दे पाईं। इससे नाराज कांग्रेस विधायक सदन से बहिर्गमन कर गए।

विधानसभा परिसर में संवाददाताओं ने भोपाल केंद्रीय जेल से सिमी कार्यकर्ताओं के भागने की घटना को लेकर जेल मंत्री महदेले से सवाल किया तो उनका जवाब था, “जेल ब्रेक होना कोई बहुत बड़ी बात नहीं है, इतने बड़े हिंदुस्तान में कई जगह जेल ब्रेक हुआ है, आरोपी मारे भी गए हैं और पकड़े भी गए हैं।”

उन्होंने आगे कहा, “भोपाल जेल ब्रेक के मामले में आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई हो चुकी है, इसलिए उनसे जुड़ा कोई सवाल ही नहीं उठता।”

ज्ञात हो कि दिवाली की रात भोपाल के केंद्रीय जेल से सिमी के आठ विचाराधीन कैदी एक सुरक्षाकर्मी की हत्या कर भाग गए थे, जिन्हें कुछ घंटों बाद पुलिस बल ने मुठभेड़ में मार गिराया था। इस मामले की जांच न्यायिक आयोग कर रहा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493