पणजी, 28 फरवरी (आईएएनएस)। कांग्रेस ने मंगलवार को गोवा विधानसभा अध्यक्ष अंनत शेट और राज्य की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की अगुवाई वाली गठबंधन सरकार पर एक दिवसीय विधानसभा सत्र के दौरान विपक्ष को चुप कराने के लिए राष्ट्रगान का इस्तेमाल करने का आरोप लगाया।
कांग्रेस प्रवक्ता और कटरेरिम से विधायक एलेक्सो रेगिनाल्डो ने मीडिया से कहा, “राष्ट्रगान कब बजाया गया, जरा इसके समय को देखिए। यह आज (मंगलवार) विपक्षी नेता के सदन में बोलने के लिए खड़े होने के तुरंत बाद बजाया गया।”
रेगिनाल्डो ने कहा, “वे दावा करते है कि वे राष्ट्रवादी हैं। देखिए, वे क्या कर रहे हैं। वे राष्ट्रगान का इस्तेमाल विपक्ष की आवाज को रोकने के लिए कर रहे हैं। हम अपनी मर्जी का कोई मुद्दा नहीं उठा सके क्योंकि जैसे ही हमारे विपक्ष के नेता मुद्दा उठाने के लिए उठे, विधानसभा अध्यक्ष ने तुरंत राष्ट्रगान बजाने की अनुमति दे दी। हम राष्ट्रगान का सम्मान करते हैं, इसलिए हम चुप हो गए।”
गोवा विधानसभा का एक दिवसीय सत्र मंगलवार को बुलाया गया था। इसे लेकर विपक्ष ने सरकार पर सत्ता में बने रहने का प्रयास करने का आरोप लगाया।
गोवा में विधानसभा चुनाव में मतदान हो चुका है। 11 मार्च को इसके नतीजों का ऐलान होगा।
dharmpath.com dharmpath