भोपाल, 1 मार्च (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश सरकार नगरीय क्षेत्रों के अति गरीबों को सस्ता भोजन मुहैया कराने के लिए ‘दीनदयाल रसोई योजना’ शुरू करेगी। यह प्रावधान वित्तमंत्री जयंत मलैया ने वर्ष 2017-18 के बजट में किया है।
वित्त मंत्री मलैया ने बुधवार को बजट पेश करते हुए कहा, “पं दीनदयाल उपाध्याय के जन्मशती वर्ष 2017 को गरीब कल्याण वर्ष के रूप में मनाया जा रहा है। इसके तहत नगरीय क्षेत्र के अति गरीबों को सस्ती दर पर भोजन उपलब्ध कराने के लिए चुनिंदा नगरों में ‘दीनदयाल रसोई योजना’ शुरू की जा रही है।”
वित्त मंत्री ने इस योजना का ब्योरा देते हुए बताया कि इस योजना के अधोसंरचना के निर्माण हेतु 10 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। उन्होंने कहा कि योजना का वित्त पोषण मुख्य रूप से कंपनी के कॉरपोरेट सामाजिक जिम्मेदारी के निर्वहन हेतु उनसे प्राप्त होने वाले अंशदान से किया जाएगा।
dharmpath.com dharmpath