गुरुग्राम, 1 मार्च (आईएएनएस)। स्थानीय खिलाड़ी गौरिका बिश्नोई हीरो महिला पेशेवर गोल्फ टूर के पांचवें चरण के पहले दिन बुधवार को बढ़त लेने में सफल रही हैं।
क्लासिक गोल्फ एंड कंट्री क्लब में खेले जा रहे इस टूर्नामेंट के पहले दिन का अंत गौरिका ने 3 अंडर 69 स्कोर के साथ किया।
पंचकुला की अमनदीप द्राल और दिल्ली की वाणी कपूर 71 के स्कोर के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर चल रही हैं।
गौरिका को अच्छी शुरुआत नहीं मिली और वह दूसरे होल पर एक शॉट चूक गईं। लेकिन इसके बाद उन्होंने चौथे होल में ईगल और आठवें होल में बर्डी लगाकर शानदार वापसी की।
मध्यांतर के बाद उन्होंने 10वें, 16वें और 17वें होल में बर्डी लगाईं। इससे पहले वह 11वें और 13वें होल में बोगी खेल गई थीं।
अमनदीप ने शानदार शुरुआत की और मध्यांतर तक एक भी बोगी नहीं लगाई। उन्होंने तीसरे और चौथे होल में लगातार दो बर्डी खेलीं।
मध्यांतर के बाद वह लय से भटक गईं और तीन बोगी लगा बैठीं। उन्होंने 10वें, 11वें और 13वें होल में बोगी लगाई, लेकिन फिर 15वें और 18वें होल में बर्डी लगाकर इसकी भरपाई कर ली।
वाणी की शुरुआत भी खराब रही और वह दूसरे तथा तीसरे होल में ही बोगी खेल गईं। लेकिन छठे और नौवें होल में वह बर्डी लगाकर मध्यांतर तक पार स्कोर हासिल करने में सफल रहीं।
मध्यांतर के बाद उन्होंने 14वें होल में बोगी लगाई लेकिन 18वें होल में ईगल लगा वह दूसरा स्थान हासिल करने में सफल रहीं।
dharmpath.com dharmpath