मेघालय में गुस्साई भीड़ ने पुलिस थाने में आग लगाई

शिलांग, 7 मार्च (आईएएनएस)। मेघालय में पुलिस फायरिंग में तीन व्यक्तियों के घायल होने से गुस्साई भीड़ ने राज्य के उत्तरी गारो हिल्स जिले में स्थित एक पुलिस स्टेशन को आग के हवाले कर दिया।

एक पुलिस अधिकारी ने मंगलवार को बताया कि सोमवार रात को कालडंग इलाके में स्थित चौकी पर तैनात पुलिस टीम ने एक वाहन को रुकने का आदेश दिया, पर वाहन नहीं रुका, जिसके बाद पुलिस ने गोली चलाई। इसके बाद हिंसा भड़क गई।

मेघालय के पुलिस प्रमुख एस.बी. सिंह ने आईएएनएस को बताया, “इलाके में उग्रवादियों की मौजूदगी की सूचना मिलने के बाद पिछले एक सप्ताह से हमने जिले में वाहनों की तलाशी तेज कर दी है।”

सिंह ने बताया कि पुलिस फायरिंग के बाद गुस्साई भीड़ ने रेसुबेलपाड़ा पुलिस थाने, उसके अस्थायी बैरक और पुलिस वाहनों को आग के हवाले कर दिया।

सिंह ने कहा कि पूरी घटना से संबंधित विस्तृत विवरण का इंतजार है। हालांकि स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन वे स्थिति पर कड़ी निगरानी रखे हुए हैं।

तीनों घायलों को असम की राजधानी गुवाहाटी में एक निजी अस्पताल में दाखिल करा दिया गया है। उनमें से एक की हालत गंभीर बताई जा रही है।

उल्लेखनीय है कि रविवार को मेघालय और असम पुलिस द्वारा वांछित कुख्यात अपराधी विलियम ए. संगमा, थापा दरेंची पुलिस चौकी से अपने साथियों के साथ बच निकलने में कामयाब हो गया था।

हालांकि पुलिस उस वाहन से चीन निर्मित एक कार्बाइन और गोला-बारूद बरामद करने में कामयाब रही थी, जिसे वह छोड़ कर भागा था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493