भोपाल, 7 मार्च (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश के शाजापुर जिले में मंगलवार की सुबह भोपाल-उज्जैन पैसेंजर ट्रेन में हुए विस्फोट के तार आतंकवादियों से जुड़ने लगे हैं। इस मामले में पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस इन तीनों से पूछताछ कर रही है।
राज्य के गृहमंत्री भूपेंद्र सिंह ने संवाददाताओं से चर्चा के दौरान बताया, “होशंगाबाद जिले के पिपरिया में बस से तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। इन आरोपियों ने पूछताछ में बड़ा खुलासा किया है। इन से मिली सूचना को केंद्रीय जांच एजेंसियों को दी गई।”
वहीं पुलिस इंस्पेक्टर (लॉ एंड ऑर्डर) मकरंद देउस्कर ने संवाददाताओं से चर्चा के दौरान बताया कि भोपाल-उज्जैन पैसेंजर गाड़ी में जो विस्फोट हुआ, वह कम क्षमता वाला था। इस धमाके में अमोनियम नाइट्रेट का इस्तेमाल किया गया था।
भोपाल से उज्जैन जा रही पैसेंजर गाड़ी 59320 मंगलवार सुबह जब जबड़ी स्टेशन से निकली तो एक डिब्बे में विस्फोट हो गया, जिसमें आठ यात्री घायल हो गए। इनमें से दो की हालत गंभीर है।
dharmpath.com dharmpath