नायडू ने आईएएनएस के पत्रकार अरविंद पद्मनाभन के निधन पर शोक जताया

नई दिल्ली, 8 मार्च (आईएएनएस)। सूचना और प्रसारण मंत्री एम. वेंकैया नायडू ने बुधवार को आईएएनएस के कार्यकारी संपादक अरविंद पद्मनाभन ने निधन पर शोक जताया और इसे ‘मीडिया बिरादरी के लिए भारी नुकसान’ बताया।

नायडू ने ट्वीट कर कहा, “अनुभवी और वरिष्ठ पत्रकार अरविंद पद्मनाभन की अचानक और असामयिक मृत्यु से दुखी हूं। मीडिया बिरादरी को भारी नुकसान। भगवान उनके परिवार को शक्ति दे।”

पद्मनाभन का यहां बुधवार तड़के दिल का दौरा पड़ने से निधन हो गया। पद्मनाभन अगले महीने 50 वर्ष के होने वाले थे। उन्होंने होली फैमिली अस्पताल में अंतिम सांस ली।

पद्मनाभन के परिवार में मां शांता, पत्नी पोन्ना और बेटी तारा हैं।

उनके पिता दिवंगत जी.पद्मनाभन ने कई वर्षो तक प्रेस इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया और इंडियन एंड ईस्टर्न न्यूजपेपर्स सोसाइटी (आईईएनएस, जो अब आईएनएस के नाम से जाना जाता है) में सेवा दी।

अरविंद पद्मनाभन का जन्म 1967 में तमिलनाडु के तिरुनेल्वेली में हुआ था।

रिपोर्टिग, लेखन और संपादन के क्षेत्र में उनकी दक्षता के लिए पत्रकार बिरादरी में उनकी एक खास जगह थी।

अरविंद पद्मनाभन आईएएनएस से लंबे अरसे से जुड़े थे। वह वर्ष 1999 में इंडिया अब्रॉड न्यूजपेपर में बिजनेस प्रभाग के प्रभारी के तौर पर जुड़े। यह आईएएनएस का ही हिस्सा था।

उन्हें जल्द ही कार्यकारी संपादक का दायित्व मिला और कारोबार एवं अर्थव्यवस्था टीम के नेतृत्व की कमान सौंपी गई।

वह इससे पहले पीटीआई, टाइम्स ऑफ इंडिया और टीवी18 नेटवर्क से भी जुड़े थे।

सरल एवं विनम्र व्यक्ति पद्मनाभन अपने जीवन की अंतिम सांस तक अपने कनिष्ठों के भी दोस्त बने रहे।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493