नई दिल्ली, 8 मार्च (आईएएनएस)। केंद्रीय जल संसाधन, नदी विकास और गंगा कायाकल्प राज्यमंत्री विजय गोयल ने बुधवार को कहा कि इस वर्ष के मध्य तक केन और बेतवा नदियों को जोड़ने का काम शुरू हो जाएगा।
गोयल ने नदियों को जोड़ने के लिए बनी विशेष समिति की 12वीं बैठक की अध्यक्षता के बाद यह बात कही। उन्होंने बताया कि केन-बेतवा नदियों को जोड़ने के लिए लगभग सभी मंजूरियां प्राप्त कर ली गई हैं।
उन्होंने कहा कि उनके मंत्रालय ने प्राथमिकता के आधार पर पांच अंतर-नदी परियोजनाओं की पहचान की है और नदी जोड़ने की सभी परियोजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा।
यहां हुई इस बैठक में 9 नवंबर, 2016 को आयोजित विशेष समिति की 11 वीं बैठक के मिनट्स को मंजूरी दी गई और पिछली बैठक में किए गए निर्णयों पर अनुवर्ती कार्रवाई की समीक्षा की गई।
बैठक में उठाए गए अन्य मुद्दों में शामिल हैं : दमनगंगा-पिंजल और पार-तापी-नर्मदा लिंक परियोजनाओं की स्थिति, महानदी-गोदावरी की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) व प्रणाली सिमुलेशन अध्ययन की स्थिति, नदियों को जोड़ने के लिए नदी के बेसिन में अधिशेष जल, अंतर्राज्यीय नदी जोड़ों प्रस्तावों की स्थिति, और राष्ट्रीय जल विकास एजेंसी का पुनर्गठन।
केंद्रीय मंत्रिमंडल की मंजूरी के बाद 23 सितंबर, 2014 को नदियों के जोड़ने के लिए विशेष समिति का गठन किया गया था।
dharmpath.com dharmpath