नई दिल्ली, 10 मार्च (आईएएनएस)। भारत में चीन के राजदूत लुओ झाओहुई ने भारतीय मीडिया से आग्रह किया है कि वह भारत-चीन संबंधों के मामले में अपनी रिपोर्ट ‘अधिक संतुलित तरीके’ से पेश किया करे। उन्होंने दोनों देशों के संबंधों को गति देने के लिए मीडिया की प्रशंसा भी की।
चीनी दूतावास में गुरुवार शाम होली के मौके पर भारतीय मीडियाकर्मियों के लिए हुए खास कार्यक्रम में लुओ ने कहा, “मैं पूरी विनम्रता से यहां मीडिया से निवेदन करूंगा कि वह चीन-भारत के रिश्तों के बारे में खबरें अधिक संतुलित तरीके से दे।”
लुओ ने कहा कि 28 साल पहले भारत में उन्होंने जो देखा था, उसकी तुलना में आज भारत में मीडिया के क्षेत्र में तेज विकास से वह बेहद प्रभावित हैं।
उन्होंने कहा कि भारत में मीडिया बहुत तेजी से विकसित हुई है। परंपरागत मीडिया, सोशल मीडिया और 24 घंटे काम करने वाले चैनल, जिन पर ब्रेकिंग न्यूज आती रहती है, यह सब बताते हैं कि सूचनाओं का विस्फोट है और भारत में अभिव्यक्ति की आजादी है।
चीनी दूतावास द्वारा जारी बयान के मुताबिक, लुओ ने कहा, “भारतीय मीडिया चीन और चीन-भारत संबंधों पर काफी ध्यान देती है। यह हम दोनों देशों के लोगों के बीच अच्छी समझ विकसित करती है और चीन को इससे भारतीय नजरिया समझने में मदद मिलती है। एक राजनयिक और पाठक की हैसियत से मैं रोजाना लगभग 10 समाचार पत्र पढ़ता हूं, टीवी कार्यक्रम देखता हूं और रोजाना मूल्यवान सूचनाएं हासिल करता हूं।”
इसके बाद उन्होंने भारतीय मीडिया से भारत-चीन के द्विपक्षीय संबंधों के बारे में अधिक संतुलित खबरें देने और चीन से संबद्ध समाचारों को अधिक कवरेज देने का आग्रह किया।
चीनी राजदूत का बयान ऐसे समय में आया है जब भारतीय मीडिया में आतंकी संगठन जैश-ए-मुहम्मद के सरगना मसूद अजहर को संयुक्त राष्ट्र द्वारा आतंकी घोषित करने की राह में चीन के वीटो और परमाणु आपूर्तिकर्ता समूह में भारत की सदस्यता की राह में चीन द्वारा बाधाएं खड़ी करने का मुद्दा उठता रहा है।
dharmpath.com dharmpath