भोपाल, 21 मार्च (आईएएनएस)। मध्यप्रदेश से हज यात्रा पर जाने वालों के लिए यह अच्छी खबर है। अब राज्य से बीते वर्ष के मुकाबले 891 यात्री ज्यादा हज यात्रा पर जा सकेंगे।
अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) ललिता यादव ने मंगलवार को सिंगार चोली स्थित हज हाउस में कंप्यूटर कुर्रा कार्यक्रम में बताया कि इस वर्ष से लगभग साढ़े तीन हजार से ज्यादा यात्री हज यात्रा पर जा सकेंगे। गत वर्ष के प्रदेश के कोटे की तुलना में इस वर्ष 891 सीटों की वृद्धि हुई है। गत वर्ष प्रदेश के लिए 2708 सीटें सुनिश्चित थी जो इस वर्ष बढ़कर 3599 हो गई है।
राज्यमंत्री यादव ने कहा कि प्रदेश सरकार हज यात्रियों के लिए सभी सुविधा उपलब्ध कराने के लिए कटिबद्ध है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष हज प्रवास के दौरान यात्रियों को खाने-पीने, ठहरने तथा परिवहन की बेहतर सुविधा उपलब्ध रहेगी। इस मौके पर राज्य हज कमेटी के अध्यक्ष हाजी इनायत हुसैन कुरैशी उपस्थित थे।
dharmpath.com dharmpath