‘नशा मुक्त बिहार’ की थीम पर मन रहा ‘बिहार दिवस’ (लीड-1)

पटना, 22 मार्च (आईएएनएस)। बिहार राज्य के स्थापना दिवस पर राजधानी पटना सहित पूरे राज्य में ‘बिहार दिवस 2017’ का आयोजन किया जा रहा है। बिहार दिवस में इस साल ‘नशा मुक्त बिहार’ को थीम बनाया गया है।

गांधी मैदान में तीन दिनों तक चलने वाले कार्यक्रम का उद्घाटन बुधवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने किया। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने सरकार के ‘सात निश्चय’ में शामिल राज्य के विश्वविद्यालयों और महाविद्यालयों में मुफ्त वाई-फाई सेवा का भी उद्घाटन किया।

मुख्यमंत्री ने यहां उद्घाटन सत्र में आए लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि महात्मा गांधी के चंपारण सत्याग्रह के शताब्दी वर्ष को बिहार में मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि इसके तहत एक वर्ष तक कई तरह के समारोह आयोजित किए जाएंगे, जिसकी शुरुआत 10 अप्रैल से होगी।

नीतीश ने कहा, “हम राज्य की नई पीढ़ी तक गांधीजी के विचार पहुंचाने के लिए काम कर रहे हैं। आज जो देश-दुनिया में हिंसा और असहिष्णुता बढ़ी है, ऐसे में गांधीजी का अहिंसा का संदेश नई पीढ़ी तक पहुंचाना बहुत जरूरी है।”

इस मौके पर मुख्यमंत्री ने नशामुक्ति के लिए बिहार में मानव श्रृंखला में शामिल होने के लिए सभी लोगों को धन्यवाद दिया।

उन्होंने कहा कि शराबबंदी की सफलता के बाद अब नशामुक्ति की ओर बिहार बढ़ चुका है। इस मौके पर नीतीश ने सरकार की विकास योजनाओं की भी चर्चा की।

इस कार्यक्रम को शिक्षा मंत्री अशोक चौधरी, कृषि मंत्री रामविचार राय तथा विधान परिषद के अध्यक्ष अवधेश नारायण सिंह सहित कई लोगों ने संबोधित किया।

बिहार दिवस को लेकर राज्य के सभी जिलों में कई तरह के समारोहों का आयोजन किया गया है। पटना के गांधी मैदान और श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में समारोह का आयोजन किया गया। बिहार दिवस समारोह में गांधी मैदान में विभिन्न सरकारी विभागों के स्टॉल लगाए गए हैं, जहां उन विभागों की योजनाओं, कार्यक्रमों और उपलब्धियों आदि की जानकारी दी जाएगी।

बिहार के राज्यपाल रामनाथ कोविंद और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार दिवस के मौके पर राज्य के सभी लोगों को बधाई और शुभकामनाएं दी हैं। उद्घाटन समारोह के बाद रंगारंग कार्यक्रम का आयोजन किया गया।

तीन दिनों तक चलने वाले इस समारोह का समापन 24 मार्च की शाम को होगा, जिसमें मुख्य अतिथि राज्यपाल रामनाथ कोविंद होंगे।

बिहार दिवस के मौके पर बुधवार सुबह पटना सहित विभिन्न जिला मुख्यालयों में प्रभात फेरी निकाली गई, जिसमें सभी उम्र के लोगों ने भाग लिया। बिहार दिवस को लेकर छात्र-छात्राओं, युवाओं, खिलाड़ियों, अधिकारियों, ग्रामीण महिलाओं, जनप्रतिनिधियों में काफी उत्साह देखा जा रहा है।

वर्ष 2009 में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के निर्देश पर बिहार दिवस समारोह मनाने की शुरुआत हुई थी।

बिहार दिवस के मुख्य समारोह के लिए गांधी मैदान को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। गांधी मैदान में समारोह को लेकर बहुत बड़ा पंडाल बनाया गया है। पंडाल के अंदर मुख्य मंच बनाया गया है, जहां कई तरह के कार्यक्रमों का आयोजन किया गया है। पंडाल में बिहार शिक्षा परियोजना परिषद, वन एवं पर्यावरण विभाग, जीविका परियोजना सहित कई विभागों के अलग-अलग मंडप बनाए गए हैं।

जीविका द्वारा तैयार मंडप में स्थापित मूक मूर्तियां गांवों में हुए नारी सशक्तीकरण की कहानियां कह रही हैं, जबकि बिहार शिक्षा परियोजना परिषद के मंडप को महान साहित्यकारों की तस्वीरों से सजाया गया है।

उद्योग विभाग और जीविका के मंडप के प्रवेश द्वार को मधुबनी पेंटिंग से सजाया गया है।

22 मार्च, 1912 को बंगाल प्रेसिडेंसी से अलग होकर बिहार नए राज्य के रूप में अस्तित्व में आया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493