शहीदों के अरमान समाजवादी विचारधारा से पूरे होंगे : अखिलेश

गुरुवार को राजधानी लखनऊ में लोहिया ट्रस्ट और गोमती नगर में डॉ. लोहिया पार्क में पूर्व रक्षा मंत्री मुलायम सिंह और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने डॉ. लोहिया की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर श्रद्धासुमन अर्पित किए।

इस मौके पर अखिलेश ने कहा, “लोहिया जी भगत सिंह की शहादत के दिन पर अपना जन्मदिन नहीं मनाते थे।” उन्होंने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा, “शहीदों के अरमान समाजवादी विचारधारा को आगे बढ़ाने से ही पूरे किए जा सकते हैं। आज की राजनीति में भी एक मात्र विकल्प समाजवाद है।”

इस मौके पर अखिलेश यादव ने कहा, “डॉ. लोहिया के विचार आज भी प्रासंगिक हैं। डॉ. लोहिया ने संस्कृति की जो अवधारणा दी है उसे अपनाकर हम एक स्वस्थ समाज और विश्व की कल्पना को साकार कर सकते हैं।”

अखिलेश ने कहा, “आज (गुरुवार) शहीदे आजम भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु की शहादत का भी दिन है। इन क्रांतिकारियों ने देश की आजादी के लिए अपना बलिदान दिया। क्रांतिकारियों ने समाजवाद स्वप्न को मूर्त रूप देने के लिए हिंदुस्तान रिपब्लिकन सोशलिस्ट एसोसिएशन की स्थापना की थी। इसमें समाजवाद को अंतिम लक्ष्य के रूप में अपनाने का प्रस्ताव था।”

वहीं चौक स्थित डॉ. राममनोहर लोहिया पार्क में वरिष्ठ नेता भगवती सिंह तथा लोहिया अस्पताल, गोमती नगर में पूर्व स्वास्थ्य मंत्री अहमद हसन ने डॉ. लोहिया की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण किया। डॉ. लोहिया को पूर्व मंत्री राजेंद्र चौधरी, बलवंत सिंह रामूवालिया, अरविंद सिंह गोप, राधेश्याम सिंह एवं प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने भी पुष्पांजलि अर्पित की।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493