पूर्वोत्तर में ओएनजीसी का गैस खोज मिशन शुरू

अगरतला, 26 मार्च (आईएएनएस)। सरकारी तेल कंपनी तेल एवं प्राकृतिक गैस निगम (ओएनजीसी) ने पूर्वोत्तर भारत में गैस खोज का काम शुरू कर दिया है। इसका उद्देश्य क्षेत्र में गैस आधारित उद्योगों को आकर्षित करना है।

ओएनजीसी के निदेशक (तटीय) वी.पी.महावर ने शनिवार रात संवाददाताओं से कहा, “ओएनजीसी ने अधिक प्राकृतिक गैस की खोज के लिए खनन कार्य शुरू किए हैं।”

उन्होंने कहा, “ओएनजीसी ने इस वित्त वर्ष असम के विभिन्न हिस्सों में 31 कुओं की खुदाई का लक्ष्य रखा है, लेकिन कंपनी इस वित्त वर्ष (2016-17) के अंत तक 33 कुओं की खुदाई कर चुकी होगी।”

अधिकारी ने कहा कि ओएनजीसी सरकार के ‘हाइड्रोकार्बन विजन 2030 फॉर नॉर्थईस्ट इंडिया’ के हिस्से के रूप में संसाधन समृद्ध नए क्षेत्रों में गैस एवं तेल की खोज का काम अधिक तेजी से कर रहा है।

इस परियोजना की शुरुआत पिछले साल की गई थी, जिसका उद्देश्य 2030 तक तेल और गैस उत्पादन को दोगुना करना, स्वच्छ ईंधन सुलभ कराना, रोजगार के अवसर तैयार करना और पड़ोसी देशों के साथ सहयोग बढ़ाना है।

महावर ने कहा कि नागालैंड में तेल खोज का काम रॉयल्टी और भूमि संबंधी मुद्दों की वजह से बाधित हो गया था। विवाद सुलझाने के लिए वार्ता की जा रही है।

अरुणाचल प्रदेश में इस काम को प्रोत्साहित नहीं किया गया है। हालांकि, राज्य में गैस भंडार पर्याप्त मात्रा में है, लेकिन यहां अधिक खनन गतिविधियां शुरू करने की जरूरत है।

उन्होंने कहा कि त्रिपुरा में ओएनजीसी पहले ही 220 कुओं की खुदाई कर चुकी है।

उन्होंने कहा, “ओएनजीसी ने त्रिपुरा में 40-45 अरब घन मीटर (बीसीएम) गैस भंडार बनाए हैं और अभी 13बीसीएम पर काम चल रहा है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493