नई दिल्ली, 28 मार्च (आईएएनएस)। लोकसभा सांसद रंजीत रंजन ने मंगलवार को सदन में अपने पति और सांसद राजेश रंजन उर्फ पप्पू यादव की बिहार में हुई गिरफ्तारी का मुद्दा उठाया। उन्होंने सवाल किया कि भारत जैसे लोकतांत्रिक देश में क्या विरोध जताना अपराध है?
पप्पू यादव का नाम लिए बिना, रंजीत ने कहा कि सांसद को रात आठ बजे गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने उन्हें पीटा और धमकी दी।
रंजन ने शून्य काल में इस मुद्दे को उठाते हुए कहा, “क्या राज्य विधानसभा के बाहर प्रदर्शन करना अपराध है? क्या प्रदर्शनकारियों को मरवाने के लिए सरकार साजिश कर रही है?”
पप्पू यादव जन अधिकार पार्टी (जेएपी) से सांसद हैं। उन्होंने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) से निष्कासित होने के बाद इस पार्टी का गठन किया था।
बिहार में बिजली दरों में वृद्धि के खिलाफ प्रदर्शन के दौरान सोमवार को सांसद पप्पू यादव की पार्टी के कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प हो गई, जिसके बाद पप्पू यादव को गिरफ्तार कर लिया गया।
वहीं, पुलिस ने कहा है कि यह गिरफ्तारी 24 जनवरी को कारगिल चौक के पास हुए हंगामे से संबंधित मामले में की गई है।
dharmpath.com dharmpath