तिरुवनंतपुरम, 29 मार्च (आईएएनएस)। केरल मंत्रिमंडल ने बुधवार को सेवानिवृत्त न्यायाधीश पी.एस. एंटोनी को परिवहन मंत्री ए. के. शशींद्रन के इस्तीफा देने से जुड़ी स्थितियों की न्यायिक जांच के लिए नियुक्त किया।
शशींद्रन ने एक विवादास्पद ऑडियो क्लिप सामने आने के बाद रविवार को इस्तीफा दे दिया था। क्लिप में वह एक महिला के साथ फोन पर आपत्तिजनक बातचीत करते सुनाई दे रहे हैं।
तिरुवनंतपुरम में हुई मंत्रिमंडल की बैठक में जांच आयोग को तीन महीने के भीतर जांच पूरी करने को कहा गया।
जांच आयोग को यह जांचने को कहा गया है कि क्या पूरे प्रकरण में कोई साजिश रची गई थी और यह कि क्या ऑडियो टेप के साथ कोई छेड़छाड़ की गई थी?
यह खबर मंगलम टीवी चैनल ने 26 मार्च को दिखाई थी।
टीवी चैनल ने जिस प्रकार गैर मर्यादित तरीके से खबर चलाई थी, उसकी बेहद आलोचना की गई। लेकिन, चैनल का कहना है कि उसने कुछ भी गलत नहीं किया है।
चैनल के सीईओ आर. अजीतकुमार ने इस मामले में कहा कि शशींद्रन ने जिस महिला के साथ बातचीत की थी, उसके बारे में जानकारी का खुलासा न करना उनका दायित्व है।
हालांकि, महिला की तस्वीर तिरुवनंतपुरम में पत्रकारों के सोशल मीडिया समूहों में सामने आई है।
dharmpath.com dharmpath