पाकिस्तान : पोलियो टीका से इनकार को लेकर अधिकारी परेशान

इस्लामाबाद, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। पाकिस्तान में पोलियो अभियान के दौरान शिक्षित लोगों द्वारा अपने बच्चों को टीका लगवाने से इनकार करने से दुर्भाग्यपूर्ण स्थिति पैदा हो गई है।

‘डॉन’ ऑनलाइन की रपट के अनुसार, उपायुक्त अब्दुल सत्तार इसानी ने कहा कि हाल ही में पोलियो अभियान के दौरान बड़ी संख्या में शिक्षित लोगों द्वारा अपने बच्चों को टीका न लगवाने की घटनाएं देखने को मिलीं।

उन्होंने कहा कि प्रत्येक बच्चे को पोलियो की खुराक देने के लिए हर संभव कदम उठाए जाएंगे।

उन्होंने कहा कि उन लोगों के खिलाफ मामले दर्ज किए गए हैं, जिन्होंने अपने बच्चों को टीका लगाने से इनकार कर दिया था।

पाकिस्तान में पोलियो उन्मूलन कार्यक्रम से संबंधित प्रमुख व्यक्ति, सीनेटर आयशा रजा फारूक ने कहा कि वह मामला दर्ज कराने के खिलाफ हैं, क्योंकि पोलियो टीका निरंतर चलने वाली प्रक्रिया है।

उन्होंने मीडिया से पोलियो टीकाकरण के बारे में जागरूकता पैदा करने में अपनी भूमिका निभाने का अनुरोध किया है।

इस्लामाबाद और रावलपिंडी से एकत्र नमूने पोलियो वायरस के लिए सकारात्मक पाए गए हैं। उच्च जोखिम वाले क्षेत्रों में 27 मार्च को एक विशेष पोलियो अभियान शुरू किया गया था।

अभियान से जुड़े एक अधिकारी ने कहा, “यह अजीब है कि हमें शिक्षित लोगों के द्वारा इस तरह के विरोध का सामना करना पड़ा। उनके पास हालांकि धार्मिक कारण नहीं थे, लेकिन वे अपने बच्चों को टीका लगवाने के पक्ष में नहीं थे।”

उन्होंने कहा, “वहीं, अधिकांश लोगों ने दावा किया कि उन्होंने अपने बच्चों को निजी तौर पर पोलियो टीका लगवाया था, लेकिन उनके पास टीकाकरण कार्ड या प्रमाण पत्र नहीं हैं।”

अधिकारी के अनुसार, “टीम को उस समय अधिक अजीब स्थिति का सामना करना पड़ा, जब मंत्रालय के एक उप सचिव ने अपने बच्चों को पोलियो की बूंद पिलाने से इनकार कर दिया।”

अधिकारी ने बताया, “एक निजी अस्पताल में काम करने वाले एक प्रसिद्ध चिकित्सक नागरिकों से अपने बच्चों को पोलियो की बूंद न देने का आग्रह करने में शामिल रहा है।”

इसानी के अनुसार, कुछ लोगों का मानना है कि उन्हें अपने बच्चों को निजी तौर पर पोलिया का टीका लगवाना चाहिए।

वहीं, आयशा फारूक का कहना है कि देशभर में हो रहे इन विरोधों के बीच घर-घर तक अधिकारियों को भेजने और लोगों को अपने बच्चों को टीका देने के लिए मनाने के प्रबंधन किए गए हैं।

पोलियो कार्यक्रम पर मार्च की एक रपट के अनुसार, पाकिस्तान में 46,967 माता-पिता ने अपने बच्चों को टीका लगवाने से इनकार कर दिया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493